बेमेतरा

भद्रकाली मंदिर में पूजा-अर्चना व कन्या पूजन में शामिल हुए राजेन्द्र
29-Mar-2026 5:20 PM
भद्रकाली मंदिर में पूजा-अर्चना व कन्या पूजन में शामिल हुए राजेन्द्र

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बेमेतरा, 29 मार्च। चैत्र नवरात्रि पर रायपुर शहर जिला भाजपा प्रभारी एवं पूर्व जिलाध्यक्ष भाजपा  राजेन्द्र शर्मा ने भद्रकाली मंदिर पहुंचकर माता भद्रकाली की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की तथा प्रदेश एवं क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं निरंतर प्रगति की कामना की।

इस अवसर पर शर्मा ने मंदिर परिसर में आयोजित कन्या भोज में शामिल होकर कन्याओं का पूजन किया। उन्होंने कन्याओं को माता स्वरूप मानकर उनके चरण स्पर्श कर आशीर्वाद प्राप्त किया तथा उन्हें प्रसाद एवं भोजन ग्रहण कराया। इस दौरान उन्होंने उपस्थित श्रद्धालुओं के साथ नवरात्रि पर्व की महत्ता पर चर्चा करते हुए कहा कि यह पर्व भारतीय संस्कृति में शक्ति, साधना और सेवा का अद्भुत संगम है।

 शर्मा  ने कहा कि नवरात्रि का पर्व हमें आत्मशक्ति के जागरण, सामाजिक समरसता और सेवा भाव को सुदृढ़ करने की प्रेरणा देता है। कन्या पूजन हमारी प्राचीन परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जो नारी शक्ति के प्रति सम्मान, आदर और श्रद्धा को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि समाज में महिलाओं का सम्मान एवं सशक्तिकरण ही एक विकसित और सशक्त राष्ट्र की पहचान है।

उन्होंने आगे कहा कि माता भद्रकाली की कृपा से प्रदेश में सुख-शांति, समृद्धि और विकास का मार्ग प्रशस्त हो तथा सभी नागरिकों का जीवन मंगलमय हो। ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और आपसी भाईचारे को मजबूती मिलती है।

कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसर में भक्ति और आस्था का अद्भुत वातावरण देखने को मिला। बड़ी संख्या में श्रद्धालु, स्थानीय नागरिक एवं भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर माता रानी के जयकारों के साथ वातावरण को भक्तिमय बना दिया।


अन्य पोस्ट