बेमेतरा

पांचवी के विद्यार्थियों को दी विदाई, अनुभव साझा किए
27-Mar-2026 4:20 PM
 पांचवी के विद्यार्थियों को दी विदाई, अनुभव साझा किए

 ‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बेमेतरा, 27 मार्च। शासकीय प्राथमिक शाला (सीबीएसई) बेरला में कक्षा पांचवी के विद्यार्थियों के लिए विदाई समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कक्षा पहली से चौथी तक के विद्यार्थियों ने फूल और स्वागत गीत के माध्यम से पांचवी के विद्यार्थियों का स्वागत किया।

समारोह के दौरान कक्षा पांचवी के विद्यार्थियों को अपने अनुभव साझा करने का अवसर दिया गया। छात्रा साक्षी ने कहा कि शिक्षकों का व्यवहार और विद्यालय का वातावरण उन्हें याद रहेगा और वे आगे भी शिक्षकों से मिलने आती रहेंगी।

छात्रा तुलसी ने कार्यक्रम को अपने लिए यादगार बताते हुए शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया। छात्रा हेमा ने कहा कि उन्हें विद्यालय में अच्छे मित्र और शिक्षक मिले तथा शिक्षकों ने उन्हें आगे बढऩे के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं। मनीष मरकाम द्वारा नेवता भोज का आयोजन किया गया, जिसमें खीर-पूड़ी परोसी गई। साथ ही कक्षा पांचवी के विद्यार्थियों को समूह फोटो उपहार स्वरूप प्रदान किया गया।

कार्यक्रम के आयोजन में पालकों ने भी सहयोग दिया। इस अवसर पर शिक्षिका प्रतिभा साहू ने पालकों को धन्यवाद देते हुए बताया कि नेवता भोज का उद्देश्य विशेष अवसरों पर विद्यार्थियों के साथ भोजन साझा करना है। उन्होंने कहा कि यह पहल प्रधानमंत्री पोषण शक्ति योजना के अंतर्गत की जाती है, जिसमें कोई भी व्यक्ति, समूह या संस्था योगदान दे सकती है।

कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं रोहित कुमार साहू, संतोष दास कोशले, खिलेंद सिंह ठाकुर तथा रसोइया सावित्री सोनी, सरिता साहू, गीता गेंडे सहित विद्यार्थी उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट