बेमेतरा

मां कर्मा धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक आस्था, परंपरा और समाज की एकता का प्रतीक है -योगेश
26-Mar-2026 3:25 PM
मां कर्मा धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक आस्था, परंपरा और समाज की एकता का प्रतीक है -योगेश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बेमेतरा,  26 मार्च। ग्राम नेवनारा में माँ कर्मा जयंती के अवसर पर भव्य भूमिपूजन एवं लोकार्पण समारोह का आयोजन किया गया। इस गरिमामयी कार्यक्रम में भाजपा किसान नेता योगेश तिवारी शामिल हुए और ग्रामवासियों के साथ इस शुभ अवसर के साक्षी बने।

 इस अवसर पर माँ कर्मा जयंती के साथ-साथ विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया गया, जिससे क्षेत्र के विकास को नई गति मिलने की उम्मीद व्यक्त की गई। कार्यक्रम के दौरान लोक कला मंच द्वारा ‘जय धरती माँ के बेटी’ पंडवानी पार्टी की शानदार प्रस्तुति दी गई, जिसने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया।

 छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति की झलक ने पूरे आयोजन को विशेष बना दिया और ग्रामीणों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। इस अवसर पर अपने विचार व्यक्त करते हुए योगेश तिवारी ने कहा कि माँ कर्मा जयंती केवल एक धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक आस्था, परंपरा और समाज की एकता का प्रतीक है। ऐसे आयोजन समाज को जोडऩे, हमारी सांस्कृतिक विरासत को सहेजने और नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोडऩे का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि ग्राम स्तर पर इस प्रकार के कार्यक्रम आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक समरसता को मजबूत बनाते हैं।

 

उन्होंने आगे कहा कि माँ कर्मा का जीवन हमें कर्म, सेवा और समाज के प्रति समर्पण का संदेश देता है। हमें उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाते हुए समाज के उत्थान और विकास के लिए निरंतर प्रयास करना चाहिए। योगेश तिवारी ने आयोजन समिति एवं ग्रामवासियों को इस भव्य एवं सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि आप सभी के सहयोग, समर्पण और सहभागिता से ही ऐसे कार्यक्रम सफल हो पाते हैं।

उन्होंने आशा व्यक्त की कि ग्राम नेवनारा इसी प्रकार एकजुट होकर विकास और सामाजिक समरसता की दिशा में निरंतर आगे बढ़ता रहेगा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामवासी, महिलाएं, युवा एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। इस अवसर पर लोकेश साहू, निरा लहरें, पोषण वर्मा, चेतन साहू, कमल साहू, हरिशंकर साहू, लेखराम साहू, सालिक साहू, नरेंद्र साहू, बल्ला संतोष साहू, खिलेश साहू, उपेंद्र साहू सहित  जनप्रतिनिधि एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट