बेमेतरा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 25 मार्च। नवागढ़ नगर पंचायत अध्यक्ष सिद्धांत चौहान को 20 मार्च को नगरीय प्रशासन विभाग ने पद से हटा दिया है।
सचिव बसव राजू एस. द्वारा जारी आदेश में लिखा है कि नगर पंचायत नवागढ़ में लंबे समय से अवरुद्ध विकास कार्यों की समीक्षा संयुक्त संचालक दुर्ग द्वारा किए जाने के बाद 20 अक्टूबर 2025 को अवगत कराया गया कि 29 जुलाई 2024 को कुल 3 कार्यों की स्वीकृति पंद्रह वित्त से की गई, किंतु सिद्धांत चौहान पीआईसी की गठन नहीं कर सके, जिससे निविदा प्रक्रिया बाधित हुई व कार्य लंबित है।
संचालनालय द्वारा 15वें वित्त आयोग से 11 दिसंबर 2024 को थाना के पास पानी टंकी निर्माण के लिए स्वीकृत 84 लाख 96 हजार के कार्य में नियमो का गलत व्याख्या कर कलेक्टर की स्वीकृति की प्रत्याशा में स्वयं के द्वारा स्वीकृति प्रदान कर दी गई। सक्षम स्वीकृति के आभाव में निर्माण कार्य का क्रियान्वयन नहीं किया जा सका। मूल एजेंडे के विरुद्ध कार्य पाया गया। परिषद में नियन्त्रण का आभाव का आरोप लगाते हुए पद से हटाने का आदेश देते हुए आगामी चुनाव तक पद धारण पर रोक लगाई गई है। पत्र में कारण बताओं नोटिस जवाब सहित अन्य विषयों का उल्लेख है।
पीड़ा पहले दिन से
नगर पंचायत के आम चुनाव में नगर पंचायत की जनता ने भाजपा एवं कांग्रेस दोनो के अध्यक्ष प्रत्याशी को दरकिनार कर समाज के अंतिम पंक्ति कहे जाने वाले सफ़ाई कर्मी के उच्च शिक्षित पुत्र को बतौर निर्दलीय जीत दिला दी। इस जीत के बाद नगर पंचायत में छाया मातम का सन्नाटा यह बता दिया था कि अध्यक्ष का कार्यकाल बाधित रहेगा।
शपथ ग्रहण अध्यक्ष ने अकेले ही किया था, पार्षद दूरी बनाकर अलग किए। कई बैठक में अध्यक्ष को अकेले आना पड़ा, कोई भी पार्षद पीआईसी में शामिल नहीं हुए। अध्यक्ष सिद्धांत चौहान ने जो कुछ प्रयास किया, उसमें अपेक्षित सहयोग नहीं मिला। इसके बाद जो फार्मूला अपनाया गया, यह समाने है।
मिनीमाता चौक में लगे बोर्ड में अध्यक्ष की तस्वीर वाली जगह खाली
मिनी माता चौक में लगे बोर्ड में अध्यक्ष की तस्वीर वाली जगह खाली है। इसमें किसी की तस्वीर लगेगी या खाली रहेगी, इसे नवागढ़ की जनता ही बता सकती है। लेकिन राजनीति के जानकारों की माने तो आम चुनाव में दो वार्ड में सफ़ाई अभियान चला था। वह आज बारह वार्डों तक फैल चुका है। सत्ता की राह आसान नहीं है। दाढ़ी नगर पंचायत में कांग्रेस से आए सूरज ने भाजपा को रौशनी दी है। नवागढ़ में सवा साल से पार्षद अच्छे दिन का इंतजार कर रहे हैं। मारो में जनता भरपूर मजा लेती है। यदि सिद्धांत पद नहीं बचा पाए तो उम्मीद है इस ठंडी में मारो एवं नवागढ़ में नगदी का अलाव जलेगा।
जिम्मेदार कौन
नगर पंचायत अध्यक्ष पर लगे आरोपों में एक आरोप यह है कि जुलाई 2024 से स्वीकृत पानी टंकी निर्माण कार्य का क्रियान्वयन नहीं किया जा सका। अध्यक्ष ने शपथ कब लिया, उससे पूर्व की स्थिति के लिए किसकी जवाबदेही है। यदि पत्थर की आवाज सुने तो दिसंबर 2025 में मुख्यमंत्री के हाथों भूमिपूजन के बाद तीन माह बाद भी पानी टंकी निर्माण क्यों शुरू नहीं हुआ। क्या नगर पंचायत की चाबी केवल अध्यक्ष के पास है ?
संयुक्त संचालक जब नवागढ़ आए तो उन्हे तीन साल से बन रहे गौरव पथ निर्माण क्यों नही दिखा ? इसकी देरी के लिए कौन जिम्मेदार है ? हाईकोर्ट ने जिन प्रभावितों को दुकान आबंटन का आदेश दिया उस पर आजतक अमल नहीं होने के लिए कौन जिम्मेदार है
न्याय की उम्मीद
अपनी बर्खास्तगी की पत्र मिलने की पुष्टि करते हुए नगर पंचायत अध्यक्ष सिद्धांत चौहान ने कहा कि जनता की अदालत ने अध्यक्ष बनाया। अब एक और अदालत पर भरोसा है। संचालनालय द्वारा जो पत्र जारी किया गया है इससे यही लगता है कि नगर पंचायत अध्यक्ष ही सभी के लिए जिम्मेदार है।
पानी टंकी का ले-आउट किसने किया ? टेंडर किसने निकाला ? भूमिपूजन किसने कराया, यह भी बताना था ? वर्ष 2025 में पानी के लिए लोग भटके जो स्थिति है उससे नहीं लगता कि जल संकट का कोई ठोस समाधान किया जा रहा है। नगर की जनता के हित में जो निर्णय कोर्ट का होगा उसे स्वीकार करेंगे।