बेमेतरा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 16 मार्च। शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला रानो की नवाचारी शिक्षिका प्रतीक जैन को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर राज्य स्तरीय छत्तीसगढ़ महतारी सम्मान 2026 प्राप्त हुआ। इसके लिए पूरे छत्तीसगढ़ के 22 जिलों से प्रविष्टियाँ मंगाई गई थी। इसी क्रम में शिक्षिका का चयन शिक्षा के क्षेत्र में किए गए उत्कृष्ट कार्य के लिए किया गया। कार्यक्रम रायपुर के वृन्दावन हॉल में हुआ। नवसृजन मंच के तत्वावधान में यह कार्यक्रम संपन्न हुआ। जिसके अध्यक्ष अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष अमरजीत छाबड़ा हैं।
संयोजक पदमा शर्मा एवं नवसृजन की पूरी टीम ने बहुत ही अच्छे से पूरे कार्यक्रम की रुपरेखा बहुत ही अच्छे से संचालित की। अतिथियों में अर्चना झा एडिशनल डीसीपी, मिलीना कुर्रे आईपीएस 2008, जेया रेका सहायक प्राध्यापक एम्स रायपुर आदि शामिल थे। साथ ही पूरे प्रदेश से विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को आमंत्रित किया गया था। नवाचारी शिक्षिका प्रतीक जैन शिक्षा के क्षेत्र में लगातार नित्य अच्छे कार्य एवं नवाचार कर रही हैं। साथ ही दिव्यांगता जागरूकता के अन्तर्गत तीस पालकों का उचित मार्गदर्शन एवं हज़ारों लोगों को जागरूक कर चुकी हैं तथा आत्महत्या जागरूकता के अन्तर्गत लगभग तीन हज़ार लोगों को आत्महत्या न करने के लिए संकल्पित करा चुकी हैं। उन्होंने विद्यालय में पढऩे वाले केसर वर्मा, देवपीका साहू एवं नीलेश वर्मा की बारहवीं तक की शिक्षा की भी सम्पूर्ण जिम्मेदारी ली है। इसके साथ ही शासन की विभिन्न योजनाओं एवं गतिविधियों का सफल संचालन एवं स्वयं के व्यय से बच्चों के साथ मिलकर सौ से अधिक विज्ञान के टीएलएम एवं मॉडल बना चुकी हैं। साथ ही स्वास्थ्य के प्रति भी बच्चों एवं पालकों को जागरूक करने का कार्य कर रही हैं। अपने विद्यालय के बच्चों के लिए 100 फीसदी समर्पित इस नवाचारी शिक्षिका प्रतीक जैन को वर्ष 2025 में बेमेतरा जिला शिक्षा विभाग के द्वारा ज्ञानदीप पुरस्कार के लिए चयन किया गया है।