बेमेतरा

महिलाएं समाज और राजनीति दोनों क्षेत्रों में मजबूती से आगे बढ़ रही - प्रज्ञा
12-Mar-2026 4:39 PM
महिलाएं समाज और राजनीति दोनों क्षेत्रों  में मजबूती से आगे बढ़ रही - प्रज्ञा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बेमेतरा, 12 मार्च। मुख्यमंत्री निवास में आयोजित होली मिलन समारोह इस बार महिला शक्ति, संगठनात्मक एकता और सांस्कृतिक उत्साह का बड़ा मंच बनकर सामने आया। मुख्यमंत्री की पत्नी कौशल्या साय ने भाजपा महिला मोर्चा की पदाधिकारियों के साथ गुलाल लगाकर होली मनाई। कार्यक्रम में भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष विभा अवस्थी सहित जिला अध्यक्ष प्रज्ञा निर्वाणी विशेष रूप से शामिल रहीं और उन्होंने महिला नेतृत्व की सक्रियता को रेखांकित किया।

मुख्यमंत्री निवास में आयोजित इस कार्यक्रम में महिला मोर्चा की पदाधिकारियों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। पूरे वातावरण में उत्साह, आत्मीयता और भारतीय परंपरा की झलक देखने को मिली। कार्यक्रम में उपस्थित प्रदेश अध्यक्ष विभा अवस्थी ने सामाजिक समरसता और संगठनात्मक मजबूती का संदेश दिया।

इस अवसर पर महिलाओं की बड़ी संख्या में भागीदारी ने यह संकेत दिया कि प्रदेश में महिला शक्ति लगातार मजबूत हो रही है और सामाजिक व राजनीतिक गतिविधियों में उनकी भूमिका निर्णायक बनती जा रही है। महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने पूरे उत्साह के साथ इस कार्यक्रम में भाग लेकर संगठन की एकजुटता को प्रदर्शित किया।

बेमेतरा भाजपा महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष प्रज्ञा निर्वाणी ने कहा कि मुख्यमंत्री निवास में आयोजित यह होली मिलन कार्यक्रम केवल एक उत्सव नहीं बल्कि महिला सशक्तिकरण और संगठन की ऊर्जा का प्रतीक है। उन्होंने कहा भाजपा संगठन ने महिलाओं को जो सम्मान और अवसर दिया है, उसी का परिणाम है कि आज महिलाएं समाज और राजनीति दोनों क्षेत्रों में मजबूती से आगे बढ़ रही हैं,महिला मोर्चा सेवा, संस्कार और राष्ट्रभावना को घर-घर तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री की पत्नी कौशल्या साय ने सभी को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारतीय त्योहार समाज को जोडऩे और सकारात्मक ऊर्जा देने का माध्यम होते हैं।


अन्य पोस्ट