बेमेतरा

अंबा. कार्यकर्ताओं-सहायिकाओं का धरना
28-Feb-2026 3:16 PM
अंबा. कार्यकर्ताओं-सहायिकाओं का धरना

मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं हुआ तो बेमुद्दत आंदोलन की चेतावनी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बेमेतरा, 28 फरवरी। प्रदेशव्यापी आव्हान के तहत अपनी तीन सूत्रीय लंबित मांगों को लेकर जिले की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं व सहायिकाओं ने तहसील कार्यालय के सामने तो दिवसीय काम बंद धरना-प्रदर्शन किया। शुक्रवार को इस पड़ाव का समापन हुआ। जिला मुख्यालय में आयोजित आंदोलन में जिले भर के बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और सहायिकाएं शामिल हुर्इं।

शासकीय कर्मचारी घोषित करने प्रमुख मांग

आंदोलन का नेतृत्व कर रहे जिला अध्यक्ष विद्या जैन ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की प्रमुख मांग उन्हें शासकीय कर्मचारी का दर्जा दिया जाना है। उन्होंने तर्क दिया कि पूर्व में शिक्षाकर्मियों और पंचायत कर्मियों के नियमितीकरण के लिए ठोस नीति बनाई गई थी, उसी तर्ज पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए भी स्पष्ट नीति बनाकर शासकीय दर्जा समुचित सुविधाएं प्रदान की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि वर्षों से सेवाएं देने के बावजूद कार्यकर्ताओं का अपेक्षित मानदेय और सामाजिक सुरक्षा का लाभ नहीं मिल पा रहा है, जिससे उनमें असंतोष बढ़ रहा है।

 

अब प्रदेश स्तर पर किया जाएगा आंदोलन

आंदोलन के समापन पर कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यह प्रदर्शन केवल सांकेतिक था। यदि राज्य सरकार ने उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो प्रदेश स्तर पर अनिश्चितकालीन और उग्र आंदोलन शुरू किया जाएगा। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का कहना है कि वह अपनी मांगों को लेकर एकजुट है और अधिकार मिलने तक संघर्ष जारी रहेगा।

सेवाएं प्रभावित, पोषण कार्यक्रमों का असर

दो दिवसीय काम बंद आंदोलन का असर जिले की स्वास्थ्य एवं पोषण सेवाओं पर स्पष्ट रूप से दिखाई दिया। अधिकांश आंगनबाड़ी केंद्र बंद रहे। जिससे बच्चों को दिए जाने वाले पूरक पोषण आहार वितरण, गर्भवती महिलाओं के टीकाकरण एवं स्वास्थ्य जांच जैसी सेवाएं प्रवाहित हुई।

आंबा.कार्यकर्ताओं को समर्थन देने पहुंचे जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष छाबड़ा जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक आशीष छाबड़ा छत्तीसगढ़ स्तरीय आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं के हड़ताल को समर्थन देने के लिए हड़ताल स्थल पर पहुंचकर अपना समर्थन व्यक्त किया। इस दौरान जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार लोगों को झूठे वादे और कोरी कल्पनाएं दिखाकर सत्ता हासिल कर ली है, लेकिन आज सभी वर्ग चाहे वह किसान हो या कर्मचारी हो इस सरकार से परेशान और निराश हो चुके हैं।

पूर्व विधायक आशीष छाबड़ा ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की शासकीयकरण की मांग का समर्थन करते हुए कहा कि भाजपा सरकार को आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को शासकीय कर्मचारी घोषित करते हुए इन्हें भी शासकीय कर्मचारियों के समान सभी सुविधाओं को प्रदान किया जाना चाहिए।

 जिसमें इनका पेंशन चिकित्सा पूर्ति सहित तमाम तरह की सुविधा जो शासकीय कर्मचारियों को मिलती है, उन्हें दिए जाना चाहिए। साथ ही साथ संघ द्वारा हड़ताल में जिन मुद्दों पर सरकार से माग की  जा रही है उन सभी मांगों का भी समर्थन करता हूं। इस दौरान ललित विश्वकर्मा, रश्मि मिश्रा, शकुन्तला साहू, शशि प्रभा गायकवाड, सुमन गोस्वामी, मनोज शर्मा, रवि रजक, चंद्र प्रकाश शीतलानी, विद्या जैन सहित बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही।


अन्य पोस्ट