बेमेतरा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 25 जनवरी। भाजपा महिला मोर्चा में संगठनात्मक मजबूती की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए जिला भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष प्रज्ञा निर्वाणी ने मंडल अध्यक्षों की नियुक्ति हेतु मंडल प्रभारियों की घोषणा की है। मंडल प्रभारी अपने-अपने मंडलों में जाकर महिला कार्यकर्ताओं की बैठक लेंगी, स्थानीय वरिष्ठ नेताओं व कार्यकर्ताओं से समन्वय स्थापित करेंगी तथा तीन नामों का पैनल तैयार कर जिला संगठन को सौंपेंगी।
जिला अध्यक्ष प्रज्ञा निर्वाणी ने महिला मोर्चा की बहनों को संदेश देते हुए कहा कि भाजपा का संगठनात्मक ढांचा अत्यंत सशक्त है,किसी सिफारिश की जरूरत नहीं,संगठन में दायित्व जमीनी काम और सांगठनिक निष्ठा से मिलेगा, मंडल स्तर पर पार्टी की रीतियों-नीतियों से महिलाओं को अवगत कराना और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा महिलाओं के लिए संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी अंतिम छोर पर खड़ी महिला तक पहुँचाना हम सबकी प्राथमिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने जोर देते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है और इसका कार्यकर्ता होना अपने आप में गौरव की बात है, जब महिलाएं घर से बाहर निकलकर राजनीतिक क्षेत्र में कार्य करती हैं, तो वे अपने घर, परिवार और संस्कारों का भी प्रतिनिधित्व करती हैं, इसलिए हमारी वेश-भूषा, आचरण और चाल-चलन पूर्णत: मर्यादित, संयमित, भारतीय सभ्यता और छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक परंपराओं के अनुरूप होने चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार का अमर्यादित आचरण या वेश-भूषा कदापि स्वीकार्य नहीं होगी। हमें ऐसा आचरण रखना है कि समाज हमें देखकर अपनी बेटियों और बहनों को पार्टी से जोडऩे में गर्व महसूस करे। हम महान भारत माता की वे पुत्रियाँ हैं, जिनके आदर्श सीता माता, झांसी की रानी लक्ष्मीबाई, अहिल्याबाई होलकर सहित भारतीय इतिहास की विदुषी व वीरांगनाएँ रही हैं।
प्रज्ञा निर्वाणी ने सभी मंडल प्रभारियों को 28 जनवरी तक अपनी रिपोर्ट तैयार कर सौंपने के निर्देश दिए हैं। उनके द्वारा घोषित महिला मंडल प्रभारी सूची में बेमेतरा ग्रामीण प्रभारी रोशनी दत्ता, बेमेतरा शहर प्रभारी सरिता जैन (थानखाम्हारिया), बेरला प्रभारी हंशलता वर्मा, भींभोरी प्रभारी मनीषा शर्मा, सरदा प्रभारी लीना वर्मा पूर्व जनपद सदस्य, थानखम्हरिया प्रभारी सीमा चंद्राकर, देवरबीजा प्रभारी कमला साहू, नवागढ़ प्रभारी भारती सूरज साहू, मारो प्रभारी मंजू लता रात्रे, खंडसरा प्रभारी निर्मला साहू (मारो), बालसमुंद प्रभारी ममता साहू, साजा प्रभारी मधु राजपूत, बपरपोड़ी प्रभारी यामिनी वैष्णव को नियुक्त किया है।


