बेमेतरा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 21 दिसंबर। जिले के 20 धान खरीदी केंद्रों में धान का उठाव नहीं होने की वजह से क्षमता से अधिक धान का भंडारण हो चुका है। प्रभावित धान खरीदी केंद्रों मेें परिवहन को लेकर आने वाले दिनों में ध्यान नहीं दिया गया तो धान खरीदी बंद होने की आशंका है। केन्द्र में किसानों द्वारा लाए जा रहे धान का भंडारण करने में स्थानाभाव का सामना करना पड़ रहा है। पूर्व की अपेक्षा अब उपार्जन केंद्रों में धान की आवक बढ़ती जा रही है।
जानकारी हो कि जिले में धान खरीदी कमजोर उठाव की वजह से प्रभावित होने की स्थिति में है। जिले के 129 धान खरीदी केन्द्रों में धान उठाव के लिए बेमेतरा, रायपुर व बिलसपुर के मिलरों से अनुबंध किया गया है। अनुबंधित मिलरों के लिए 263542.62 टन के लिए परिवहन आदेश जारी किया जा चुका है, जिसमें से अब तक 204950.32 टन धान का उठाव किया गया है, जिसके बाद भी जिले के धान खरीदी केन्द्रों में 58592.28 टन का उठाव होना शेष है। उठाव को लेकर रायपुर के मिलरों ने अधिक रूचि दिखाई है, जिनके द्वारा 1347 टन का उठाव किया जाना शेष है। इसी तरह बेमेतरा के मिलरों द्वारा 36642.28 टन का उठाव किया जाना बचा है। उठाव के लिए सबसे कमजोर बिलारसपुर जिले के मिलर साबित हो रहे हैं, जिनके द्वारा 20602.80 टन का उठाव किया जाना बाकी है। बिलासपुर के मिलरों ने केवल 65 फीसदी धान का उठाव किया है।
वर्तमान में केन्द्रों को 15 हजार गठान बारदानों की दरकार
धान खरीदी की जरूरत को देखते हुए जिले में 23001 गठान नया बारदाना और 232001 गठान समेत 46002 गठान बारदाने की मांग मार्केटिंग से की गई थी। मांग के विपरीत जिले में मार्केटिंग द्वारा 15098 गठान बारदाना नया व 15534 गठान पुराना बारदाना सहित 30362 गठान बरादानों की सप्लाई की गई है। 30632 गठान में से 15370 गठान का उपयोग किया गया है। केन्द्रों में 12806 गठान बारदाना का स्टॉक है, और मांग के अनुसार और 15370 गठान की दरकार होगी।
अभी 87 हजार से अधिक किसानों का धान आना बाकी
जिले में इस सीजन में धान बेचने के लिए सभी 102 समितियों में 158742 किसानों ने 187127.54 हेक्टेयर धान बेचने के लिए पंजीयन कराया है। पंजीयन कराने वाले डेढ़ लाख से अधिक किसानों में से अब तक 70868 किसानों से 345632 टन धान खरीदा गया है। जिले में 84.23 प्रतिशत छोटे व सीमांत किसान धान बेच चुके हैं। वहीं 16 प्रतिशत किसानों से धान की आवक होनी है। जिले के केवल 15.77 फीसदी किसान ही धान बेच पाए हैं, जिसके बाद 84.23 प्रतिशत बड़े किसानों से धान की आवक होनी है।
129 केन्द्रों में से 20 में उठाव नहीं, क्षमता से अधिक भंडारण
जिले के बेमेतरा, साजा, बेरला व नवागढ़ ब्लॉक के कुल 129 केन्द्रों में से 109 केन्द्रों में धान का उठाव मिलरों ने शुरू कर दिया है। जिले में उठाव के अभाव में क्षमता से अधिक भंडारण हो गया है। क्षमता से अधिक भंडारण वाले केन्द्रों में संबलपुर 23754 क्विंटल, रनबोर में 21431, बदनारा 19101, मउ 17820, कुंवरा 18386, चंदनु 15470, सोढ़ 16947, पुटपुरा 17195, खंडसरा 16181, नवागढ़ 15948, कुरदा 15340, कटई 14461, बेलतरा 12744, खाती 14354, बिटकुली 14099, मोहगांव 13652, दाढ़ी 13947, गांडाडीह 15056, पतोरा 14984 व हसदा में 14015 क्विंटल का भंडारण है। इन केन्द्रों में आने वाले चार दिनों के बाद से धान खरीदी अधिक भंडारण होने के कारण प्रभावित होने की आशंका है।
एक नजर आंकड़ों पर (खरीफ धान उपार्जन 2023-24)
समितयों की संख्या-102
उपार्जन केंद्रों की संख्या-129
कुल उपार्जन- 332673.40 मीट.
डीओ जारी- 263542.60 मीट.
डीओ में उठाव - 202515.08 मीट.
डीओ में उठाव शेष - 61027.52 मीट.
केंद्रों में शेष स्टॉक -130158.32 मीट.
खरीदी का प्रतिशत - 36
परिवहन का प्रतिशत - 60
लाभान्वित किसान - 67790
खरीदी की कुल राशि - 726.71 करोड़ रु.
भुगतान की पुष्टि 61641 कृषक राशि 654.29 करोड़ रुपए
कुल खरीदी 22507.96 मीट्रिक टन, 5526 कृषक
कुल उठाव 8540.76 मीट्रिक टन, 109 उपार्जन केंद्रों से


