बेमेतरा

2018 में भाजपा को मिले 34.50 फीसदी वोट, इस बार 14 फीसदी की बढ़ोतरी
06-Dec-2023 3:04 PM
2018 में भाजपा को मिले 34.50 फीसदी वोट, इस बार 14 फीसदी की बढ़ोतरी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 6 दिसंबर।
जिले के तीनों विधानसभा में भाजपा को प्राप्त मत प्रतिशत में इजाफा हुआ है। 2018 के दौरान साजा, बेमेतरा व नवागढ़ विधानसभा में नोटा व अन्य दावेदारों के माध्यम से मत विभाजन की स्थिति अधिक रही है पर 2023 के चुनाव में ज्यादातर मतदाताओं ने दोनों दल के दावेदारों के मध्य ही मत देने का निर्णय लिया। पूर्व चुनाव की अपेक्षा नोटा का चयन भी कम मतदाताओं ने किया। कम मत विभाजन का लाभ कांग्रेस की अपेक्षा भाजपा को अधिक हुआ है।

बेमेतरा में भाजपा के पक्ष में इस बार 21 प्रतिशत अधिक मतदान  

जिले के बेमेतरा विधानसभा में 2018 में हुए निर्वाचन की अपेक्षा 2023 के दौरान कांग्रेस के मत प्रतिशत में लगभग 1.5 प्रतिशत का इजाफा हुआ। वहीं भारतीय जनता पाटी के वोट प्रतिशत में 21 फीसदी की बढ़ोतरी हुई। बीते चुनाव में तीसरे प्रत्याशी ने 28 हजार व चौथे प्रत्याषी ने 43 सौ से अधिक मत प्राप्त किए थे। वहीं नोटा 3700 से अधिक लोगों की पसंद बनी। 2023 मेें इस तरह की स्थिति नहीं रही पर मत विभाजन के हालात नहीं होने का लाभ कांग्रेस की अपेक्षा भाजपा को मिला।

नवागढ़ में भाजपा को मिले 19 प्रतिशत अधिक मत  

नवागढ़ विधानसभा में 2023 में भाजपा को 50.01, कांग्रेस को 42.54, बसपा 3.08 व नोटा 0.86 फीसदी मत प्राप्त हुए हैं। 2018 के दौरान कांग्रेस को 49.97, भाजपा 30.85, बसपा को 10.79 व नोटा को 9 प्रतिशत मत डाले गए थे। दोनों चुनाव में कांग्रेस को प्राप्त मत में 7.50 प्रतिशत से अधिक की कमी, बसपा के मत प्रतिशत में 7 व नोटा में डाले गए मतों में 8 प्रतिशत की कमी रही। बसपा, नोटा व अन्य दावेदारों द्वारा काटे गए कुल 19 फीसदी का मत विभाजन इस बार नहीं होने का सीधा लाभ भाजपा को मिला। इस बार भाजपा को बीते चुनाव की अपेक्षा 19 फीसदी मत अधिक प्राप्त हुए।

 


अन्य पोस्ट