बस्तर

मोदी ने दिये राष्ट्र के विकास के 7 सूत्र- कौशिक
26-Jun-2021 8:32 PM
मोदी ने दिये राष्ट्र के विकास के 7 सूत्र- कौशिक

   नेता प्रतिपक्ष ने बस्तर के कार्यकर्ताओं को किया संबोधित   

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जगदलपुर, 26 जून। नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सात साल ऐतिहासिक कार्यकाल पर ई-प्रशिक्षण के माध्यम से वर्चुअल बैठक में जिले के भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।

उन्होंने कहा कि इस राष्ट्र में 70 वर्ष बनाम 7 वर्ष के कार्यों पर चर्चा होने लगी है। यह सात साल का कार्यकाल देश के विकास को समर्पित रहा है। श्री मोदी ने इस देश को सात सूत्रों के माध्यम से विकास के मूलभूत अवधारणा से जोड़ा है। देश की समग्रता, देश का सम्मान, देश की सुरक्षा, देश की सांस्कृतिक सोच, देश का स्वाभिमान, देश विकास की सार्थकता और देश की समृद्धि को सूत्र बनाकर समग्र विकास के लिए उन्होंने कार्य किया है। देश की सुरक्षा से लेकर देश की समृद्धि तक जो संकल्प हमारे पुरखों ने लिया था, उस संकल्प को पूरा करने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी गतिमान है।

नेता प्रतिपक्ष कौशिक ने कहा कि वैश्विक स्तर पर भारत जिस मजबूती के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में एक सशक्त राष्ट्र का स्वरूप लेता जा रहा है जिसकी चर्चा पूरी दुनिया में हो रही है। जहां तक आत्मनिर्भर भारत की बात है तो इस कोरोना काल में हमने अपने आत्मनिर्भर भारत के अभियान को और मजबूत किया है। देश के भीतर स्वदेशी टीके से लेकर पीपीई किट के निर्माण में हम स्वालंबी बनते जा रहे है। यह हम सबके लिए महत्वपूर्ण है।

नेता प्रतिपक्ष कौशिक ने कहा कि हम सबको गर्व होना चाहिए देश की विकास को जो गति मिली है इसका सपना हमारे पूर्वजों ने देखा था जिसे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पूरा किया जा रहा है। हम सबके लिए गौरव की बात है कि आयुष्मान भारत योजना जैसी महत्वांकाक्षी योजना की शुरुआत बस्तर के बीजापुर जिले से की गई। साथ ही बस्तर को वायुसेवा से जोडऩे का कार्य भी किया गया है। जो यह प्रदर्शित करता है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सदैव बस्तर के विकास के लिए संवेदनशील है।

 श्री कौशिक ने बस्तर महाराजा स्व.प्रवीरचंद भंजदेव व बस्तर सांसद स्व. बलीराम कश्यप का स्मरण किया। इस मौके पर भाजपा जिला अध्यक्ष रूपसिंह मंडावी ने नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक का जीवन परिचय रखा। कार्यक्रम का संचालन महामंत्री रामाश्रय सिंह ने किया व आभार महामंत्री वेदप्रकाश पाण्डेय ने किया।

वर्चुअल बैठक में पूर्व सांसद दिनेश कश्यप, पूर्व मंत्री व भाजपा प्रदेश प्रवक्ता केदार कश्यप, प्रदेश महामंत्री किरण देव, पूर्व विधायक संतोष बाफना, वन विकास निगम के पूर्व अध्यक्ष श्रीनिवासराव मद्दी, युवा आयोग के पूर्व अध्यक्ष कमलचंद्र भंजदेवविद्याशरण तिवारी,योगेन्द्र पाण्डेय,श्रीनिवास मिश्रा,रजनीश पाणिग्रही,नरसिंह राव,सुरेश गुप्ता, संजय पाण्डे,दीपिका शोरी,अविनाश श्रीवास्तव,आलोक अवस्थी,बृजेश भदौरिया,तेजपाल शर्मा आदि सहित पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट