बलरामपुर

झोलाछाप डॉक्टर की लापरवाही से मासूम की मौत
25-Sep-2025 11:45 PM
झोलाछाप डॉक्टर की लापरवाही से मासूम की मौत

इंजेक्शन लगाने के बाद बिगड़ी थी तबीयत
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलरामपुर, 25 सितंबर
। शहर के मेन रोड पर स्थित एक मेडिकल स्टोर संचालक  की लापरवाही से 7 साल के मासूम की मौत हो गई।
वार्ड क्रमांक 08 की रहने वाली गरीब आदिवासी महिला सुशीला एक्का ने सिटी कोतवाली बलरामपुर में लिखित शिकायत दी है। सुशीला का आरोप है कि शम्भू मेडिकल स्टोर संचालक शम्भू विश्वकर्मा, जो खुद को ‘डॉक्टर’ बताकर लंबे समय से लोगों का इलाज करता रहा है, ने उनके नन्हे बेटे को इंजेक्शन लगाया। इंजेक्शन लगते ही बच्चा वहीं बेहोश एवं उल्टी होने लगी।

घटना बुधवार की रात लगभग 8.30 बजे की है। घुटने में चोट के छोटे से घाव को लेकर सुशीला अपने बेटे अनमोल को शम्भू मेडिकल स्टोर पहुँची थीं। इंजेक्शन लगते ही अनमोल की हालत बिगड़ गई। घबराए शम्भू विश्वकर्मा उसे अपनी बाइक से जिला अस्पताल ले गया। वहाँ से डॉक्टरों ने तत्काल गंभीर स्थिति को देखते हुए अम्बिकापुर रेफर किया। पर भोर होते-होते मासूम अनमोल की धडक़नें हमेशा के लिए थम गईं।
मासूम की मौत की खबर से पूरे इलाके में गहरा आक्रोश है। पीडि़त परिजनों ने थाना बलरामपुर पहुँचकर आरोपी शम्भू विश्वकर्मा के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कठोर दंडात्मक कार्रवाई की माँग की है।


अन्य पोस्ट