बलौदा बाजार

तुरतुरिया मातागढ़ दानपेटी से निकले पौने 3 लाख, 99 चांदी के सिक्के भी मिले
13-Jul-2021 6:17 PM
तुरतुरिया मातागढ़ दानपेटी से निकले  पौने 3 लाख, 99 चांदी के सिक्के भी मिले

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कसडोल, 13 जुलाई।
बलौदाबाजार जिले के विकासखण्ड कसडोल के पर्यटन एवं धार्मिक स्थल तुरतुरिया में जनपद पंचायत द्वारा संचालित मातागढ़ मंदिर की दान पेटी का जनपद सदस्यों के समक्ष खोलकर चढ़े चढ़ोत्तरी की गिनती की गई। जिसमें जनपद पंचायत को 2,76000 प्राप्त हुए एवं साथ ही 99 चांदी के सिक्के भी प्राप्त हुए हैं।

ज्ञात हो कि इसके पूर्व कभी भी इतनी बड़ी राशि चढ़ावा के रूप में जनपद पंचायत में प्राप्त नहीं हुई थी। दरअसल मातागढ़ मंदिर में चढ़ावा की राशि वाली दानपटी को खोल कर कभी भी नियमानुसार गिनती नहीं की जाती थी। जिस पर जनपद सदस्य सिद्धांत मिश्रा  ने आपत्ति जताते हुए सभी के समक्ष दान पेटी में प्राप्त रुपयों की गिनती करने की बात कही थी। इसके बाद पैसों की गिनती रोक दी गई थी। आज पुन: इन पैसों की गिनती की गई। जिसमें यह राशि प्राप्त हुई। 

इस संबंध में जनपद पंचायत के अध्यक्ष गौरी देवी सिंह ने कहा कि दान से प्राप्त राशि को तुरतुरिया मंदिर क्षेत्र के निर्माण कार्यों में विकास के लिए खर्च किया जाएगा। यहां लगने वाले मेले को देखते हुए सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।

तुरतुरिया एक पुरातात्विक स्थल तूरतुरिया में नवी से 11वीं शताब्दी के मध्य के पुरातात्विक महत्व की मूर्तियां पाई जाती हैं। प्राचीन काल में यह राम लक्ष्मण जानकी राम मंदिर था। जो कालांतर में महर्षि वाल्मीकि आश्रम के रूप में प्रचारित हो गया। यहां प्राचीन मूर्तियों में शिव, विष्णु, बुद्ध एवं वराह की मूर्तियां मौजूद हैं। 
 


अन्य पोस्ट