बलौदा बाजार

खरीदी केंद्रों के धान की राज्य सरकार को चिंता नहीं- भाजपा
21-Mar-2021 4:48 PM
खरीदी केंद्रों के धान की राज्य सरकार को चिंता नहीं- भाजपा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 21 मार्च।
भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह, प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय, नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल, विधायक शिवरतन शर्मा और पूर्व विधायक भाजपा जिलाध्यक्ष डा. सनम जांगड़े ने गिरौदपुरी प्रवास के दौरान कसडोल मंडी, हथबंद, देवरी धान खरीदी केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान भाजपा नेताओं ने कहा कि धान खरीदी केंद्रों की बदहाली से स्पष्ट होता है कि प्रदेश की सरकार धान खरीदी को लेकर गंभीर नहीं है। अब तक प्रदेश के कई केंद्रों में धान के उठाव नहीं होने से धान सडऩे लगा है और इसकी चिंता प्रदेश की सरकार को जरा भी नहीं हो रही है।

नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने धान खरीदी केंद्रों में निरीक्षण कर लौटने के बाद पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि कमोबेश प्रदेश में धान खरीदी को लेकर ऐसे ही हालात हैं और सरकार की चिंताए कहीं भी नहीं है। धान के खराब होने से अब कस्टम मिलिंग की संभावना अब नहीं है। 

आखिरकार बलौदाबाजार जिले के इन केंद्रों में 45 हजार क्विंटल धान खराब हो चुका है। धान खरीदी के इतने दिन बीत जाने के बाद भी प्रदेश सरकार की ओर से डीओ जारी नहीं होने से यह सवाल उठता है कि आखिरकार प्रदेश सरकार कितनी संवेदनशील है।

उन्होंने कहा कि हमारा प्रदेश धान के कटोरे के रूप में पूरे विश्व में अलग स्थान रखता है, लेकिन प्रदेश सरकार की इस पूरे प्रक्रिया से छवि धूमिल हो रही है। उन्होंने कहा कि जब प्रदेश में धान खरीदा गया था तो उसके बाद भी उसके उठाव को लेकर प्रदेश सरकार की ओर से कोई भी कोशिश क्यों नहीं की गई। पूरे प्रदेश के धान खरीदी केंद्रों में हालात एक से है और प्रदेश की कांग्रेस सरकार केवल धान खरीदी के मामले में राजनीतिक लाभ के लिए बयानों पर ही निर्भर है, और जमीनी स्तर पर हालात कुछ और ही है।
 


अन्य पोस्ट