बलौदा बाजार

पहले दिन 65 केंद्रों में खरीद नहीं, 116 में 9,860 क्विंटल धान बिका
17-Nov-2026 6:15 PM
 पहले दिन 65 केंद्रों में खरीद नहीं, 116 में 9,860 क्विंटल धान बिका

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 17 नवंबर। जिले में धान खरीदी शुरू हो गई है, हालांकि पहले दिन सभी केंद्रों में किसानों की उपस्थिति एक जैसी नहीं रही। कई किसान ट्रैक्टर और वाहनों में धान लेकर पहुंचे, तो कुछ केंद्रों में तोल शुरू होने का इंतजार देखा गया।

15 नवंबर को जिले के 181 उपार्जन केंद्रों में से 116 केंद्रों में धान खरीदी की गई। इन केंद्रों में 350 किसानों ने कुल 9,860 क्विंटल धान बेचा, जबकि 65 केंद्रों में पहले दिन खरीदी नहीं हो सकी। पिछले खरीफ सीजन में पहले दिन 22 केंद्रों में 90 क्विंटल 40 किलो धान की खरीदी हुई थी।

इस बार जिले में 1,69,970 किसानों ने पंजीयन कराया है। पहले दिन धान बेचने के लिए 306 किसानों ने टोकन लिया था। अधिकारियों के अनुसार बड़ी संख्या में किसान अभी अपनी फसल तैयार करने में जुटे हैं। खेतों में कटाई और मिजाई का काम पूरा होने के बाद केंद्रों में आवक बढऩे की संभावना है।

जिला सहकारी बैंक के पर्यवेक्षक सुरेंद्र कुमार वर्मा ने बताया कि अधिकांश किसान अभी कटाई में लगे हैं। मिजाई और धान को सुखाने के बाद ही वे केंद्रों तक पहुंचाएंगे, यही वजह है कि पहले दिन 65 केंद्रों में खरीदी शुरू नहीं हो सकी। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में आवक बढऩे के साथ टोकन, तोल और नमी जांच जैसी व्यवस्थाओं का संचालन होगा।

इस बार धान में अधिकतम 17 फीसदी नमी की सीमा तय की गई है। पहले दिन केंद्रों में पहुंचे धान में औसतन करीब 15.5 फीसदी नमी पाई गई। कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने भरसेला, करमदा और अर्जुनी केंद्रों का निरीक्षण कर नमी जांच और तोल व्यवस्था का जायजा लिया।

उन्होंने समिति प्रबंधकों को किसानों को पहले से नमी के मापदंड की जानकारी देने के निर्देश दिए हैं।

अवैध धान पर निगरानी का दावा

प्रशासन के अनुसार दूसरे राज्यों से आने वाले धान को रोकने के लिए सीमावर्ती इलाकों में जांच चौकियां बनाई गई हैं, जहां पुलिस टीमें वाहनों पर नजर रख रही हैं। पहले दिन भरसेला केंद्र में धान बेचने पहुंचे किसानों ने मोबाइल से टोकन मिलने और केंद्र में पेयजल व शौचालय की व्यवस्था को लेकर संतोष जताया।

मूल्य और योजना की जानकारी

इस साल पतले धान का मूल्य 2461 रुपये और मोटे धान का 2441 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। जिला खाद्य अधिकारी पुनीत राम वर्मा के मुताबिक जिले के पंजीकृत किसानों से 15 जनवरी तक खरीदी की जाएगी। कृषक उन्नति योजना के तहत प्रति एकड़ 13,839 रुपये की आदान सहायता राशि दिए जाने का प्रावधान है।


अन्य पोस्ट