बलौदा बाजार
बलौदाबाजार, 24 सितंबर। बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में सेवा ही संकल्प अभियान के अंतर्गत दो दंपतियों ने स्वेच्छा से मृत्योपरांत देहदान का संकल्प लेते हुए निर्धारित फॉर्म जमा किया है। इस अवसर पर जिला कलेक्टर सभाकक्ष में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जिले के प्रभारी मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने दंपत्तियों को सम्मानित किया।
कसडोल विकासखंड के ग्राम बम्हनीडीह से फिरतराम साहू एवं उनकी पत्नी पुष्पा साहू ने परिवार की सहमति से मृत्योपरांत देहदान की घोषणा की। उन्होंने बताया कि गुरु की प्रेरणा से उन्होंने चिकित्सा शिक्षा एवं सामाजिक उपयोगिता के उद्देश्य से यह निर्णय लिया है।
भाटापारा विकासखंड के वेदराम आनंद एवं उनकी पत्नी रेशमा ने सीएचसी भाटापारा पहुंचकर चिकित्सकों से संपर्क किया तथा औपचारिकताएं पूर्ण कर मृत्योपरांत देहदान का फॉर्म भरा।
कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने बताया कि जिले में ‘सेवा ही संकल्प अभियान ’ के तहत देहदान और रक्तदान हेतु जागरूकता कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। कार्यक्रम के दौरान प्रभारी मंत्री ने देहदान करने वाले दोनों दंपत्तियों तथा रक्तदान में सहभागिता हेतु जिला पंचायत अध्यक्ष आकांक्षा जायसवाल को सम्मानित किया।