बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 23 सितंबर। नगरीय निकायों में सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से शासन स्तर पर मैकेनाइज्ड और मैकेनिकल सफाई की जीपीएस आधारित मॉनिटरिंग योजना तैयार की जा रही है। प्रथम चरण में रायपुर और बिलासपुर नगर निगम में इसे लागू करने के पश्चात बलौदाबाजार जिले के सभी आठ नगरीय निकायों (बलौदाबाजार, भाटापारा, सिमगा, पलारी, रोहासी, लवन, कसडोल और टुंड्रा) में इस व्यवस्था का विस्तार किया जाएगा।
प्रस्तावित व्यवस्था के तहत लगभग 1,400 सफाई कर्मियों को जीपीएस आधारित सिस्टम से जोडऩे की योजना है, जिससे कर्मचारियों की फील्ड लोकेशन और मूवमेंट का डिजिटल रिकॉर्ड उपलब्ध हो सकेगा। वर्तमान में निकायों में सफाई कर्मियों की उपस्थिति और कार्यों का निरीक्षण सुपरवाइजरों व वार्ड अधिकारियों के माध्यम से किया जाता है। डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन वाहनों में जीपीएस मॉनिटरिंग पहले से लागू है।
इसके अतिरिक्त, जिले के सभी आठ नगरीय निकायों में स्वच्छ भारत मिशन (शहरी 2.0) के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक स्वच्छता ही सेवा अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत नागरिकों को कचरे के चार-वे पृथक्करण के प्रति जागरूक करने, चिह्नित स्थलों की सफाई व जियो-टैगिंग करने, सफाई कर्मियों के स्वास्थ्य परीक्षण और विभिन्न सांस्कृतिक व सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाना प्रस्तावित है। 27 सितंबर को विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर पर्यटन स्थलों में विशेष सफाई अभियान आयोजित करने का निर्णय लिया गया है।
नगर पालिका सीएमओ आशीष तिवारी ने बताया कि वर्तमान में डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन की डिजिटल मॉनिटरिंग की जा रही है। शासन से विस्तृत दिशा-निर्देश प्राप्त होने के पश्चात सफाई व्यवस्था की डिजिटल मॉनिटरिंग हेतु आवश्यक कार्ययोजना बनाई जाएगी।