बलौदा बाजार

कमजोर हेडलाइट, जर्जर टायर और बिना सेफ्टी किट के रोज 3-4 फेरे लगा रही है बसें
16-Sep-2026 7:43 PM
कमजोर हेडलाइट, जर्जर टायर और बिना सेफ्टी किट के रोज 3-4 फेरे लगा रही है बसें

बलौदाबाजार, 16 सितंबर। बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में संचालित यात्री बसों की सुरक्षा जांच और फिटनेस मानकों को लेकर स्थिति सामने आई है। बलौदाबाजार जिले में लगभग 150 यात्री बसें पंजीकृत हैं, जिनमें से करीब 120 बसें सडक़ों पर संचालित हो रही हैं।

ग्रामीण क्षेत्रों में ट्रेन सेवा न होने के कारण बसें ही आवागमन का एकमात्र मुख्य साधन हैं। रायपुर, भाटापारा, कसडोल, गिधौरी और सारंगढ़ मार्गों पर बसें दिन में तीन से चार फेरे लगती हैं।

बलौदाबाजार के जिला परिवहन अधिकारी मोहन साहू ने बताया कि यात्री बसों के लिए उडऩदस्ता टीम समय-समय पर जांच करती है। जल्द ही जिले में संचालित बसों की फिटनेस एवं सुरक्षा मानकों की जांच के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।

जिले में संचालित 120 बसों में से लगभग 100 लोकल बसें और 20 लग्जरी बसें हैं। इसके अलावा अन्य जिलों की बसें भी इस क्षेत्र से गुजरती हैं।

हादसे से  सबक की जरूरत

हाल ही में रायपुर रोड स्थित सकरी बाईपास पर बस-ट्रक भिड़ंत हुई थी, जहां प्रत्ययदर्शियों ने बस की डिम (कम रोशनी वाली) हेडलाइट को एक वजह बताया था। जिले की कई सडक़ों पर स्ट्रीट लाइट नहीं हैं, ऐसे में कमजोर लाइट, खराब ब्रेक या घिसे टायर जैसी छोटी खामियां भी बड़े हादसे का कारण बन सकती हैं।

रायपुर रोड स्थित सकरी बाईपास दुर्घटना के बाद बसों के हेडलाइट, ब्रेक, टायरों की स्थिति, अग्निशमन यंत्र, फर्स्ट एड बॉक्स, इमरजेंसी एग्जिट, स्पीड गवर्नर और लोकेशन ट्रैकिंग सिस्टम जैसे सुरक्षा मानकों की जांच की आवश्यकता बताई गई है।

स्कूल वाहनों पर की गई कार्रवाई के तहत 15 वाहनों से 27,000 जुर्माना वसूला गया तथा दस्तावेज न होने पर 1 वाहन को जब्त किया गया।


अन्य पोस्ट