बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 16 सितंबर। बलौदाबाजार जिला मुख्यालय में स्वच्छता अभियान को लेकर नगर पालिका चाहे कितना भी दावा कर ले लेकिन जमीनी हकीकत इन दावो की पोल खोल रही हैं। नगर पालिका कार्यालय के बेहद करीब स्थित मणिकंचन केंद्र और यातायात थाना परिसर के पीछे इन दिनों भारी गंदगी और बदहाली का आलम है। हालात ऐसे हैं कि कचरे के ढेरों और जाम गंदे पानी से उठने वाली तीव्र दुर्गंध के कारण यहां से गुजरना किसी सजा से कम नहीं है। इस बदहाली के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी आंखें मूंदे बैठे हैं।
विदित हो यातायात थाना के बाजू से गौरव पथ को जोडऩे वाले मार्ग पर स्थित मोड़ पर कचरा का भारी ढेर लगा हुआ हैं। यहां हर वक्त दर्जनों सुअरों का झुंड कचरे को तीतर-बीतर करते देखा जा सकता हैं। सडक़ किनारे बिखरे कचरा और सुअरों के अचानक सडक़ पर आ जाने से जहां दो पहिया वाहन चालकों के फिसलने और दुर्घटनाग्रस्त होने का खतरा बना रहता हैं। वहीं आसपास के रहवासियों को संक्रामक बीमारियों के फैलने का डर सता रहा हैं।
यातायात थाने के पीछे जर्जर भवन बना मयखाना
यातायात थाना के ठीक पीछे स्थित पुराना जर्जर भवन वर्तमान में असामाजिक तत्वों और शराबियों का सुरक्षित ठिकाना बन चुका हैं। दिन ढलते ही यहां असामाजिक तत्वों का जमावड़ा शुरू हो जाता हैं। जिसके कारण इस रास्ते से रात के समय गुजरने वाले आम नागरिकों विशेष कर महिलाओं और युवतियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ता हैं। हैरानी की बात यह है कि जिस स्थान पर कचरा संग्रहण के वाहन ई रिक्शा ट्राली खड़े किए जाते हैं और वहां मणिकंचन केंद्र संचालित हैं। वहीं पर चारों तरफ कीचड़ प्लास्टिक और सडांध मारता कचरा फैला हुआ हैं।
बारिश के पानी की समुचित निकासी न होने से यहां गंदा पानी कई दिनों से जमा हैं। जिससे मच्छरों का प्रकोप भी तेजी से बढ़ रहा हैं। समीप स्थित मोहल्ले वासियों ने गौरव पथ जोडऩे वाली सडक़ और मणिकंचन केंद्र के आसपास तत्काल व्यापक सफाई अभियान चलाने, सुअरों के जमावड़े से और खुले कचरे की समस्या से निजात दिलाने यातायात थाने के पीछे मौजूद लावारिस जर्जर भवन को ध्वस्त करने और सामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर रोक लगाने क्षेत्र में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था लगाने की मांग पालिका प्रशासन ने किया।