बलौदा बाजार

पीडीएस की 1050 क्विंटल चीनी अटकी
15-Sep-2026 7:36 PM
पीडीएस की 1050 क्विंटल चीनी अटकी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 15 सितंबर। बलौदाबाजार जिले में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस)के तहत अंत्योदय राशन कार्डधारी परिवारों को मई 2026 से शक्कर का आवंटन प्राप्त नहीं हो सका था।

विभागीय जानकारी के अनुसार, राज्य स्तर से शक्कर का आवंटन प्राप्त हो जाने के पश्चात बुधवार से इसका वितरण प्रारंभ किया जाएगा।जिले में लगभग 21 हजार अंत्योदय कार्डधारी परिवार हैं। प्रतिमाह प्रति परिवार 1 किलो के मान से लगभग 210 क्विंटल शक्कर का वितरण होता है। मई से सितंबर तक 5 महीनों में कुल 1,050 क्विंटल शक्कर का वितरण प्रभावित रहा है।

बाजार में 70 से 80 रुपए किलो

पीडीएस की शक्कर नहीं मिलने से अंत्योदय परिवारों को बाजार का रुख करना पड़ रहा हैं। बाजार में शक्कर करीब 70 से 80 रुपए प्रति किलो बिक रही हैं। ऐसे में हर महीने परिवारों की जरूरत के मुताबिक शक्कर खरीदने पर अतिरिक्त राशि खर्च हो रही हैं। 5 महीने तक यह स्थिति रहने से गरीब परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पढ़ रहा हैं।

दुकानों में चावल के साथ शक्कर भी पूछ रहे हितग्राही

अंत्योदय कार्डधारी जब हर महीने चावल लेने पीडीएस दुकान पहुंचते हैं तो शक्कर के बारे में भी पूछा करते हैं। दुकान संचालकों की ओर से उन्हें बाद में शक्कर मिलने की बात कही जा रही। विगत 5 महीने गुजरने के बाद भी वितरण की कोई निश्चित तारीख नहीं थी। अब राज्य से आवंटन मिलने के बाद वितरण शुरू होने की उम्मीद जगी हैं।

शहर की पुरानी बस्ती निवासी मंजू बंजारे ने बताया कि उनका अंत्योदय राशन कार्ड हैं। विगत 5 महीने से पीडीएस की शक्कर नहीं मिली हैं। बाजार से 70 से 80 रुपए प्रति किलो की दर से शक्कर खरीदनी पड़ रही हैं। पीडीएस से मिलने वाली सस्ती शकर बंद होने से घर का मासिक खर्च बढ़ गया हैं। उनका कहना है कि जब अंत्योदय परिवार शक्कर पाने के लिए पत्र है तो 5 महीने से इसका वितरण क्यों रोका गया, यह समझ से परे हैं।

विभाग के अनुसार, राज्य की चीनी मिलों में निर्धारित लक्ष्य की तुलना में कम उत्पादन होने के कारण नागरिक आपूर्ति निगम  को पर्याप्त स्टॉक प्राप्त नहीं हो सका था, जिससे जिला स्तर पर आपूर्ति बाधित हुई।

जिला खाद्य अधिकारी पुनीत वर्मा ने बताया कि राज्य स्तर से अंत्योदय कार्डधारियों हेतु शक्कर का आवंटन प्राप्त हो गया है और बुधवार से दुकानों के माध्यम से वितरण प्रारंभ कर दिया जाएगा। विगत 5 महीनों के बकाया कोटे के एकमुश्त या किश्तों में वितरण के संबंध में आगामी निर्देशानुसार कार्रवाई की जाएगी।


अन्य पोस्ट