बलौदा बाजार

नेशनल लोक अदालत में 44 हजार मामलों का निराकरण, पारिवारिक व संपत्ति विवाद सुलझे
13-Sep-2026 7:07 PM
नेशनल लोक अदालत में 44 हजार मामलों का निराकरण, पारिवारिक व संपत्ति विवाद सुलझे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 13 सितंबर। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बलौदाबाजार द्वारा 12 सितंबर को वर्ष की तृतीय नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया गया। जिला एवं सत्र न्यायालय, व्यवहार न्यायालय भाटापारा, सिमगा, कसडोल तथा राजस्व न्यायालयों में गठित खंडपीठों के माध्यम से विभिन्न प्रकरणों का निपटारा किया गया।

 कार्यक्रम का उद्घाटन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश विनीता वार्नर द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर न्यायाधीश, शासकीय विभागों, बैंकों व पुलिस विभाग के अधिकारी तथा पक्षकार उपस्थित थे।

 लोक अदालत में न्यायालयीन लंबित प्रकरणों, ट्रैफिक चालान, लघु अपराधों और राजस्व मामलों सहित कुल 48,344 प्रकरण रखे गए थे, जिनमें से 43,961 मामलों का निराकरण किया गया।

कुटुम्ब न्यायालय: पीठासीन अधिकारी राजभान सिंह की खंडपीठ द्वारा 23 मामलों का निराकरण किया गया। इसमें भरण-पोषण से संबंधित मामले (मंजू सोनी विरुद्ध सूरज सोनी) में समझाइश के बाद दोनों पक्ष पुन: साथ रहने पर सहमत हुए।

प्रथम जिला एवं अपर सत्र न्यायालय:  पीठासीन अधिकारी संगीता नवीन तिवारी की खंडपीठ में पिछले 4 वर्षों से लंबित एक पारिवारिक बंटवारा विवाद आपसी सहमति से सुलझाया गया।

न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी: पीठासीन अधिकारी प्रशांत कुमार भास्कर की खंडपीठ द्वारा धारा 138 एन.आई. एक्ट (चेक अनादर) के वर्ष 2021 से लंबित मामले (बजरंग ट्रेडर्स विरुद्ध सिद्धि कंस्ट्रक्शन) का राजीनामे के आधार पर निराकरण किया गया।

लोक अदालत के दौरान पक्षकारों के लिए नि:शुल्क चिकित्सा जांच शिविर का आयोजन किया गया तथा सुरक्षा व्यवस्था हेतु पुलिस बल तैनात रहा। राजीनामा करने वाले पक्षकारों को जिला प्रशासन एवं न्यायालय की ओर से फलदार पौधे वितरित किए गए।


अन्य पोस्ट