बलौदा बाजार
बलौदाबाजार-भाटापारा, 12 सितंबर। बलौदाबाजार-भाटापारा जिले की भाटापारा ग्रामीण पुलिस और सायबर सेल की टीम ने प्रतिबंधित नशीली दवाओं की अंतरजिला तस्करी के आरोप में 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस को ग्राम दतरेगा स्थित एक निर्माणाधीन मकान में कार (सीजी 07 एबी 7007) के जरिए प्रतिबंधित दवाओं की डिलीवरी की सूचना मिली थी।
पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर 6 व्यक्तियों को हिरासत में लिया, जबकि 1 अन्य सहयोगी को पूछताछ के आधार पर गिरफ्तार किया गया।
थाना भाटापारा ग्रामीण में आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
जब्त सामान की अनुमानित कीमत 2,61,192 रुपए है, जिसमें प्रतिबंधित दवाएं- 1,146 नग, मूल्य 13,542 रुपए हैं। अन्य सामान में 1 कार 1,50,000 रु., 8 स्मार्टफोन 90,000 रु. तथा बिक्री की नकदी राशि 7,650 रु. है।
गिरफ्तार आरोपी में गोवर्धन प्रसाद साहू, अभिषेक तिवारी, पंकज यादव उर्फ गोलू, प्रकाश साहू उर्फ लक्की, दिनेश साहू उर्फ अप्पू सभी निवासी भाटापारा व आर्यन तिवारी, समीर खां उर्फ समी दोनों निवासी बिलासपुर हैं।
पुलिस द्वारा सभी आरोपियों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।