बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 10 सितंबर। श्री सीमेंट की सीएसआर इकाई ‘श्री फाउंडेशन ट्रस्ट’ द्वारा शिक्षक दिवस पर विद्या उपासक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान क्षेत्र के 5 गांवों—भरुवाडीह, सेम्हराडीह, खपराडीह, चंडी और करही के 75 शिक्षकों को प्रशस्ति-पत्र, मेडल, शॉल व श्रीफल देकर सम्मानित किया गया।
यह कार्यक्रम इकाई प्रमुख दीपेन्द्र भारद्वाज एवं मानव संसाधन प्रमुख देवेन्द्र सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व राष्ट्रपति भारत रत्न डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन एवं मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलन से किया गया।
श्री बांगर पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों द्वारा स्वागत गीत एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए।
कार्यक्रम में मेडिकल ऑफिसर डॉ. संतोष कुमार व पारस गुप्ता ने शिक्षकों की समाज एवं विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण में भूमिका पर प्रकाश डाला और उनके योगदान की सराहना की।
आयोजन में जोबनजीत सिंह, साक्षी सिन्हा, मुकेश देवांगन, शंकर दास, वीरेंद्र बघेल, सुमन वर्मा तथा दीपक वर्मा का सहयोग रहा।