बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 10 सितंबर। वर्ष 2018-19 में एडीबी परियोजना के तहत निर्मित तुमगांव-धोटिया मार्ग पर पलारी ब्लॉक के ग्राम चिखली स्थित नाला पुल क्षतिग्रस्त हो गया है। पुल के स्लैब से सरिया बाहर निकल आई है, जिससे आवागमन करने वाले वाहनों के लिए दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।
स्थानीय निवासियों के अनुसार, रेत से लदे भारी वाहनों की निरंतर आवाजाही से पुल की स्थिति खराब हो रही है। इसके अतिरिक्त, मार्ग पर प्रकाश व्यवस्था का भी अभाव है। उक्त सडक़ वर्तमान में ठेकेदार की परफॉर्मेंस गारंटी अवधि के अंतर्गत है। नियमनुसार इस अवधि में सुधार कार्य कराया जा सकता है, किंतु अब तक मरम्मत न होने से एडीबी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। डेढ़ वर्ष पूर्व एडीबी का कार्यालय बलौदाबाजार से रायपुर स्थानांतरित होने के बाद रखरखाव की निगरानी प्रभावित हुई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पुल के निरीक्षण, निर्माण मानकों की जांच और शीघ्र मरम्मत कराने की मांग की है।