बलौदा बाजार
वन अपराध दर्ज, जांच जारी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 8 सितंबर। बलौदाबाजार जिले के सोनाखान वन परिक्षेत्र में दोस्तों के साथ जंगल घूमने गए एक सरकारी शिक्षक की कार को वन विभाग की टीम ने जांच के दौरान रोक लिया। वाहन की तलाशी ली गई तो कार की डिग्गी से करीब 29 किलो बांस करील बरामद हुआ।
जानकारी के मुताबिक, 29 अगस्त को बांस करील के सीजन को देखते हुए वन विभाग की टीम असनीद क्षेत्र में वाहनों की सघन जांच कर रही थी। नवागांव की ओर से आने-जाने वाले वाहनों की जांच के दौरान टीम ने सफेद रंग की कार क्रमांक सीजी 22 एस 2648 को रोका। वाहन की तलाशी लेने पर डिग्गी में बड़ी मात्रा में बांस करील मिला। वन विभाग ने करीब 29 किलो करील को जब्त करने के साथ वाहन को भी कब्जे में ले लिया।
कार में सवार व्यक्ति की पहचान पारस साहू के रूप में हुई है। वह ग्राम खरवे स्थित पूर्व माध्यमिक शाला में शिक्षक के पद पर पदस्थ बताए जा रहे हैं।
मामले में वन विभाग ने वन अपराध क्रमांक 16493/01, दिनांक 29 अगस्त 2026 दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। बरामद करील और वाहन को विभाग ने जब्त कर लिया है। फिलहाल वन विभाग इस बात की जांच कर रहा है कि बरामद बांस करील जंगल के किस क्षेत्र से लाया गया था और इसे कहां ले जाया जा रहा था।