बलौदा बाजार

ट्रक खराब, रिसदा बाईपास पर 6 घंटे जाम, गाडिय़ों की कतारें
07-Sep-2026 6:38 PM
ट्रक खराब, रिसदा बाईपास पर 6 घंटे जाम, गाडिय़ों की कतारें

सडक़ मरम्मत की मांग पर कांग्रेस नेता और ग्रामीणों ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 7 सितंबर। लवन चौक से भाटापारा बाईपास मार्ग की खराब स्थिति के कारण रिसदा बाईपास पर एक मालवाहक ट्रक के खराब हो जाने से लगभग 6 घंटे तक आवागमन बाधित रहा। इस दौरान मार्ग के दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं।

सडक़ की स्थिति और यातायात की समस्या को लेकर कांग्रेस नेता शैलेश नितिन त्रिवेदी और ग्राम रिसदा निवासी नितेश मंडले ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर जनदर्शन में कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कई बिंदु और मांगें रखी गईं।  लवन चौक से भाटापारा बाईपास तथा रिसदा बाईपास चौक से सुहेला-हथबंद मार्ग पर गड्ढों के कारण दुर्घटनाओं और वाहनों के खराब होने की बात कही गई है। प्रभावित मार्ग पर लोक निर्माण विभाग और प्रशासन से तत्काल पेच वर्क (सडक़ मरम्मत) कराने की मांग की गई है।

ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि क्षेत्र में संचालित सीमेंट संयंत्रों के भारी वाहनों का दबाव इस मार्ग पर अधिक रहता है। ऐसे में सीएसआर मद और संयंत्र प्रबंधन के माध्यम से सडक़ों के रखरखाव और बुनियादी सुविधाओं के विकास की मांग की गई है।

आंदोलन की चेतावनी

ग्रामीणों और प्रतिनिधियों ने ज्ञापन के माध्यम से शासन-प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई का आग्रह किया है तथा समाधान न होने पर आंदोलन की बात कही है।


अन्य पोस्ट