बलौदा बाजार

मुख्य साजिशकर्ताओं का सामने आना बाकी-सुमित्रा
07-Sep-2026 6:36 PM
मुख्य साजिशकर्ताओं का सामने आना बाकी-सुमित्रा

झीरम मामले में एनआईए के फैसले पर जिला कांग्रेस की प्रेस वार्ता

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 7 सितंबर। झीरम घाटी मामले में एनआईए कोर्ट के फैसले के उपरांत जिला कांग्रेस कमेटी बलौदाबाजार द्वारा जिला कांग्रेस कार्यालय में पत्रकार वार्ता का आयोजन किया गया। पत्रकार वार्ता को जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सुमित्रा धृतलहरे, प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता एवं झीरम घटना के प्रत्यक्षदर्शी/घायल सुरेंद्र शर्मा तथा पूर्व मीडिया संचार विभाग प्रमुख शैलेश नितिन त्रिवेदी ने संबोधित किया।

पत्रकार वार्ता में पूर्व जिला अध्यक्ष दिनेश यदु, पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष परमेश्वर यदु, जिला महामंत्री लखेश साहू, सुरेंद्र जायसवाल, प्रवीण सेन, दीपक साहू, कालिंदी वर्मा, नीरज बांधे, संदीप पांडे, सुखदेव साहू तथा जय सिंह ठाकुर सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।

जिला अध्यक्ष सुमित्रा धृतलहरे ने कहा कि कांग्रेस एनआईए के फैसले का सम्मान करती है, लेकिन इसे पूर्ण न्याय नहीं मानती। उनका कहना है कि जब तक घटना के पीछे के मुख्य सूत्रधारों और साजिश का पर्दाफाश नहीं होता, न्याय अधूरा है।

प्रदेश प्रवक्ता सुरेंद्र शर्मा ने कहा कि घटना के दिन परिवर्तन यात्रा की सुरक्षा व्यवस्था, सुरक्षा बलों को हटाए जाने के निर्देशों और मुख्य आरोपियों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत न किए जाने के कारणों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

पूर्व मीडिया संचार विभाग प्रभारी शैलेश नितिन त्रिवेदी ने कहा कि हमला विशिष्ट नेताओं को निशाना बनाकर किया गया प्रतीत होता है। उन्होंने विभिन्न जेलों में बंद उन नक्सलियों से पूछताछ न किए जाने पर सवाल उठाए, जिन्होंने इस घटना में संलिप्तता की बात कही थी।

सुमित्रा धृतलहरे ने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती भाजपा सरकार के कार्यकाल में मामले की जांच प्रक्रिया प्रभावित हुई थी। उन्होंने राज्य सरकार द्वारा गठित एसआईटी जांच और न्यायिक जांच आयोग से जुड़े कानूनी स्थगन (स्टे) का उल्लेख करते हुए जांच में विलंब के लिए भाजपा को उत्तरदायी ठहराया।

उन्होंने मांग की कि घटना के पीछे के राजनीतिक व अन्य षड्यंत्रकारियों की पहचान कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए।


अन्य पोस्ट