बलौदा बाजार

न्यायमूर्ति राकेश मोहन पांडेय ने किया जिला बलौदाबाजार न्यायालय का निरीक्षण
07-Sep-2026 3:43 PM
न्यायमूर्ति राकेश मोहन पांडेय ने किया जिला बलौदाबाजार न्यायालय का निरीक्षण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 7 सितम्बर। न्यायमूर्ति राकेश मोहन पांडेय द्वारा 5 सितम्बर  को जिला बलौदाबाजार के न्यायालयों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के क्रम में सर्वप्रथम न्यायमूर्ति राकेश मोहन पांडेय द्वारा भाटापारा न्यायालय का निरीक्षण किया गया। इसके पश्चात जिला एवं सत्र न्यायालय, बलौदाबाजार का निरीक्षण किया गया।

भाटापारा न्यायालय पहुंचने पर अधिवक्ता संघ द्वारा  न्यायमूर्ति राकेश मोहन पांडेय का आत्मीय एवं भव्य स्वागत किया गया। अधिवक्ताओं द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर न्यायमूर्ति का अभिनंदन किया गया। इसी प्रकार जिला एवं सत्र न्यायालय, बलौदाबाजार में भी जिला अधिवक्ता संघ द्वारा उनका गरिमापूर्ण स्वागत किया गया।

निरीक्षण के दौरान न्यायमूर्ति राकेश मोहन पांडेय द्वारा न्यायालयीन कार्यप्रणाली, न्यायालय परिसर की व्यवस्थाओं, अभिलेखों एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का अवलोकन किया गया। उन्होंने न्यायिक कार्यों के सुचारू एवं प्रभावी संचालन के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण का भी किया निरीक्षण

जिला एवं सत्र न्यायालय, बलौदाबाजार के निरीक्षण के दौरान न्यायमूर्ति राकेश मोहन पांडेय द्वारा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बलौदाबाजार का भी निरीक्षण किया गया। उन्होंने प्राधिकरण द्वारा संचालित नि:शुल्क विधिक सहायता, विधिक जागरूकता, लोक अदालत तथा समाज के जरूरतमंद एवं वंचित वर्गों को न्याय सुलभ कराने हेतु किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली।

इस अवसर पर न्यायमूर्ति राकेश मोहन पांडेय ने कहा कि न्याय केवल न्यायालय तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्ति तक न्याय की पहुंच सुनिश्चित करना न्याय व्यवस्था की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने न्यायिक अधिकारियों एवं अधिवक्ताओं से अपेक्षा व्यक्त की कि वे पक्षकारों के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण रखते हुए न्यायिक प्रक्रिया को सरल, सुलभ एवं प्रभावी बनाने में अपना योगदान दें।

न्यायमूर्ति ने कहा कि न्यायालय में आने वाला प्रत्येक व्यक्ति न्याय की उम्मीद लेकर आता है। अत: हमारी प्राथमिकता यह होनी चाहिए कि उसे समयबद्ध, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण न्याय प्राप्त हो। उन्होंने न्यायिक व्यवस्था में अधिवक्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि अधिवक्ता न्याय प्रणाली का अभिन्न अंग हैं और न्याय के उद्देश्यों की पूर्ति में उनका सहयोग अत्यंत महत्वपूर्ण है। निरीक्षण के दौरान न्यायमूर्ति राकेश मोहन पांडेय ने न्यायिक अधिकारियों, न्यायालयीन कर्मचारियों एवं अधिवक्ताओं से संवाद भी किया तथा न्याय व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं जनोन्मुखी बनाने के संबंध में विचार-विमर्श किया।

न्यायमूर्ति राकेश मोहन पांडेय के निरीक्षण से न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं एवं न्यायालयीन कर्मचारियों में उत्साह का संचार हुआ। इस अवसर पर न्यायिक अधिकारीगण, न्यायालयीन कर्मचारीगण, अधिवक्ता संघ के पदाधिकारी एवं अधिवक्तागण उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट