बलौदा बाजार

न्यू विस्टा सीमेंट प्लांट में मजदूर की मौत, प्रदर्शन नौकरी-मुआवजा की मांग
04-Sep-2026 3:30 PM
न्यू विस्टा सीमेंट प्लांट में  मजदूर की मौत, प्रदर्शन  नौकरी-मुआवजा की मांग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 4 सितंबर।  औद्योगिक क्षेत्र बलौदाबाजार के रिसदा स्थित न्यू विस्टा सीमेंट संयंत्र (पूर्व में इमामी सीमेंट) में गुरुवार 3 सितंबर को एक कर्मचारी की संदिग्ध मौत हो गई। स्थानीय लोगों और मजदूर संघों का  आरोप है कि संयंत्र प्रबंधन अक्सर ऐसी घटनाओं पर लीपापोती करने और सच को दबाने का प्रयास करता है।

ग्राम ढनढनी निवासी गिरधर लाल रजक (45) न्यू विस्टा सीमेंट संयंत्र में प्रोसेस अटेंडर के पद पर अपनी सेवाएं दे रहे थे। सुबह करीब 11 बजे, जब वह ड्यूटी पर तैनात थे, तभी अचानक उन्हें चक्कर आया और वह काम करते हुए वहीं बैठ गए। आनन-फानन में उन्हें जिला अस्पताल बलौदाबाजार ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने परीक्षण के उपरांत उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना से मृतक के घर में कोहराम मच गया है। गिरधर लाल अपने पीछे पत्नी और तीन मासूम बेटियों को छोड़ गए हैं।

संयंत्र परिसर में चर्चा है कि घटना के तुरंत बाद प्रबंधन ने इसे दबाने और अंदर ही अंदर मामला सुलझाने की कोशिश की गई। लेकिन सीमेंट एवं खदान श्रमिक यूनियन (ऐटक) के झंडे तले मजदूर एकजुट हो गए और संयंत्र परिसर में काम पूरी तरह बंद कर दिया।

यूनियन के अध्यक्ष गुहतराम कोटरे और महासचिव जगमोहन घृतलहरे ने कड़े शब्दों में निंदा करते हुए कहा कि संयंत्र प्रबंधन कर्मचारियों से कठोर परिस्थितियों में काम लेता है, लेकिन उनकी सेहत, सुरक्षा और आपातकालीन व्यवस्था को लेकर हमेशा उदासीन रहता है। मुआवजे और अनुकंपा नियुक्ति पर अड़े मजदूर, वार्ता जारी आक्रोशित मजदूरों और यूनियन प्रतिनिधियों ने संयंत्र का कामकाज ठप कर मुख्य द्वार पर प्रदर्शन शुरू कर दिया। मजदूर संघ ने प्रबंधन के समक्ष दो मांगें रखी हैं। उचित राहत राशि, मृतक के असहाय परिवार और तीन बेटियों के सुरक्षित भविष्य के लिए पर्याप्त वित्तीय क्षतिपूर्ति दी जाए।

परिवार के जीवनयापन हेतु एक सदस्य को अविलंब संयंत्र में स्थायी नौकरी प्रदान की जाए। घटना की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। संयंत्र के वरिष्ठ अधिकारियों, तहसीलदार तथा मजदूर संघ के प्रतिनिधियों के बीच बंद कमरे में त्रिपक्षीय वार्ता का दौर चल रहा था।


अन्य पोस्ट