बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 1 सितंबर। बलौदाबाजार पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने पंजाब के मोगा से तीन लोगों को वाहन चोरी के मामले में गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई कार क्रमांक सीजी 09 जेएल 2169 और घटना में प्रयुक्त दो हथौड़े व एक लोहे की रॉड जब्त की गई है। जब्त कार की अनुमानित कीमत 6.50 लाख बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 22-23 अगस्त की दरमियानी रात लवन रोड स्थित एक कृषि यंत्र रिपेयरिंग दुकान के बाहर खड़ी वर्ना कार को सांकल और ताला तोडक़र चुरा लिया गया था।
शिकायत मिलने पर सिटी कोतवाली पुलिस और साइबर सेल ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की। तकनीकी विश्लेषण के दौरान संदिग्धों की लोकेशन पंजाब के मोगा शहर में पाई गई, जिसके बाद बलौदाबाजार पुलिस टीम ने स्थानीय मोगा पुलिस के सहयोग से घेराबंदी कर जीरा रोड नई मंडी के पास से तीनों को हिरासत में लिया।
गिरफ्तार आरोपी में गोविंदा, रमन कुमार, सुखप्रीत सिंह तीनों निवासी पंजाब हैं।
पुलिस ने आरोपियों को पंजाब की अदालत में पेश कर ट्रांजिट रिमांड पर बलौदाबाजार लाया है, जहां उन्हें स्थानीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की वैधानिक प्रक्रिया की जा रही है। आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देशन में की गई।