बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 1 सितंबर। लंबित मामलों में निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग को लेकर भाटापारा विधायक इंद्र साव सोमवार दोपहर ग्रामीणों और पीडि़त परिवारों के साथ भाटापारा ग्रामीण थाना परिसर पहुंचे और धरने पर बैठ गए।
विधायक और पीडि़त परिवारों के अनुसार, चार प्रमुख मामलों (सडक़ दुर्घटना और संदिग्ध मृत्यु से जुड़े मामले) में महीनों बीत जाने के बाद भी जांच प्रक्रिया पूरी नहीं हुई है। सडक़ दुर्घटना मामला: सडक़ हादसे में एक व्यक्ति की मृत्यु के मामले में परिजनों ने वर्तमान जांच अधिकारी को बदलने तथा दोनों पक्षों की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
रूपेश साहू संदिग्ध मृत्यु मामला: 14 मार्च 2026 से लापता रूपेश साहू का शव 17 मार्च को बरामद हुआ था। परिजनों ने मामले में मोबाइल कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) और कॉल रिकॉर्डिंग की जांच की मांग रखी है। विधायक इंद्र साव ने कहा कि उनका धरना किसी व्यक्ति विशेष के विरुद्ध न होकर पीडि़त परिवारों को न्याय दिलाने और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से है। उन्होंने आरोप लगाया कि जांच में विलंब हो रहा है तथा कार्रवाई राजनीतिक दबाव से प्रभावित है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक चारों मामलों की जांच के तथ्य स्पष्ट नहीं हो जाते, तब तक धरना जारी रहेगा।
धरने की सूचना के बाद थाना परिसर में पुलिस अधिकारी पहुंचे और अब तक की गई जांच का ब्योरा प्रस्तुत करने का प्रयास किया। समाचार लिखे जाने तक विधायक ग्रामीणों के साथ थाना परिसर में मौजूद रहे।