बलौदा बाजार
स्वच्छता दीदीयों का सम्मान
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भाटापारा, 28 अगस्त। स्वच्छता परमो धर्म के पवित्र भाव और सेवा को सम्मान के संकल्प के साथ नगर पालिका परिषद भाटापारा द्वारा आज एक अनूठे और गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। नगर की स्वच्छता व्यवस्था की रीढ़, स्वच्छता दीदीयों के सम्मान एवं अभिनंदन के लिए यह विशेष समारोह ऐतिहासिक कल्याण सागर स्थित श्री राम-जानकी मंदिर परिसर में महंत रामरूप दास महात्यागी के पावन सानिध्य में आयोजित हुआ।
नगर को स्वच्छ रखने वाली स्वच्छता दीदीयों ने कल्याण सागर से जल उठाकर श्री राम-जानकी मंदिर में अर्पित किया और नगर की स्वच्छता, समृद्धि, सुख-शांति एवं उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना की। समारोह में मुख्य रूप से विश्व हिंदू परिषद के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. ललित माखीजा, वरिष्ठ भाजपा नेता शिवरतन शर्मा, नगर पालिका अध्यक्ष अश्वनी शर्मा सम्मिलित हुए। सभी अतिथियों द्वारा स्वच्छता दीदीयों को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता शिवरतन शर्मा ने कहा कि स्वच्छता दीदीयां हमारे समाज की वास्तविक नायिकाएं हैं। कड़ी धूप, बारिश और विपरीत परिस्थितियों में भी ये माताएँ-बहनें निस्वार्थ भाव से स्वच्छता को अपना परम दायित्व मानकर दिन-रात कार्य करती हैं। इनका योगदान केवल शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह स्वच्छता के प्रति जन-जागरूकता का सशक्त आधार भी है। इनके सेवा भाव को मैं सादर नमन करता हूँ।
इस अवसर पर विश्व हिंदू परिषद के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. ललित माखीजा ने भी स्वच्छता दीदीयों के कार्यों की सराहना की। उन्होंने सभी नागरिकों से स्वच्छता दीदीयों का सहयोग करने और नगर को स्वच्छ रखने में अपना योगदान देने की अपील की।
महंत रामरूप दास ने कहा कि स्वच्छता दीदीयां केवल नगर की सफाई व्यवस्था का हिस्सा नहीं, बल्कि स्वच्छ एवं सुंदर भाटापारा के निर्माण की महत्वपूर्ण शक्ति हैं। उनके परिश्रम और सेवा भावना का सम्मान करना पूरे समाज का दायित्व है। नपा अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने कहा कि हमारी स्वच्छता दीदीयाँ भाटापारा नगर पालिका परिवार का गौरव हैं। नगर को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाने में इनका परिश्रम और समर्पण सबसे बड़ा आधार है। हमारा दायित्व है कि हम केवल इनका सम्मान ही न करें, बल्कि इनके कार्य में सहयोग करें और इन्हें पूरा मान-सम्मान दें। कार्यक्रम में राकेश तिवारी, डॉ. मोहन बांधे, संतोष पाण्डेय, रविंद्र शर्मा, मनीष मिश्रा, नगर पालिका के सभापतिगण, पार्षदगण, जनप्रतिनिधिगण, विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी, समाज प्रमुख एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने स्वच्छ भाटापारा, सुंदर भाटापारा के संकल्प को दोहराया।