बलौदा बाजार

कारोबारी ने कोर्ट में प्रस्तुत किया परिवाद, धोखाधड़ी व धमकी देने का आरोप
26-Aug-2026 4:50 PM
कारोबारी ने कोर्ट में प्रस्तुत किया परिवाद, धोखाधड़ी व धमकी देने का आरोप

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 26 अगस्त। बलौदाबाजार स्थित वलेचा मार्केटिंग के संचालक राजकुमार वलेचा ने भाटापारा निवासी निर्माण उर्फ नीर किंगरानी के विरुद्ध मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी न्यायालय, बलौदाबाजार के समक्ष परिवाद भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 175 के अंतर्गत प्रस्तुत किया है। प्रार्थी की ओर से मामले की पैरवी वरिष्ठ अधिवक्ता सतीशचंद श्रीवास्तव कर रहे हैं।

परिवाद पत्र के अनुसार, प्रार्थी राजकुमार वलेचा ने आरोप लगाया है कि आरोपी निर्माण उर्फ नीर किंगरानी उनकी दुकान से 7 मोबाइल फोन ले गया था, जिसकी राशि का भुगतान नहीं किया गया। प्रार्थी के अनुसार, आरोपी द्वारा भुगतान हेतु दिया गया चेक बैंक में बाउंस हो गया। इसके अतिरिक्त, प्रार्थी ने आरोप लगाया है कि बकाया राशि मांगने पर 21 अप्रैल को आरोपी द्वारा फोन पर दुर्व्यवहार किया गया तथा जान से मारने व परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी गई।

प्रार्थी ने बताया कि पूर्व में इस संबंध में थाना सिटी कोतवाली बलौदाबाजार, पुलिस अधीक्षक, कलेक्टर कार्यालय एवं सीएम जन शिकायत पोर्टल में शिकायत दर्ज कराई गई थी।

मामले में कार्रवाई न होने पर प्रार्थी ने अधिवक्ता के माध्यम से न्यायालय की शरण ली है। परिवाद में आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता  की धारा 318(4), 296 एवं 351(3) के तहत थाना सिटी कोतवाली को प्राथमिकी दर्ज करने हेतु निर्देशित करने की मांग की गई है।


अन्य पोस्ट