बलौदा बाजार

फर्जी स्थानांतरण आदेश: दो आरोपी आरएमए की तबियत बिगड़ी, जिला अस्पताल में भर्ती, 2 और हिरासत में
24-Aug-2026 6:20 PM
फर्जी स्थानांतरण आदेश: दो आरोपी आरएमए की तबियत बिगड़ी, जिला अस्पताल में भर्ती, 2 और हिरासत में

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 24 अगस्त। बलौदाबाजार के फर्जी स्थानांतरण आदेश मामले में गिरफ्तार किए गए दो ग्रामीण चिकित्सा सहायक (आरएमए) करण कुमार देवांगन और रवि कुमार सेन की तबीयत बिगडऩे पर उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं पुलिस ने मामले में दो अन्य व्यक्तियों को हिरासत में लिया है।

स्वास्थ्य संबंधी समस्या (पेट दर्द एवं डिहाइड्रेशन) की शिकायत के उपरांत दोनों आरोपियों को प्राथमिक उपचार हेतु पलारी अस्पताल ले जाया गया था, जहां से उन्हें जिला चिकित्सालय भेज दिया गया।

जिला चिकित्सालय के सिविल सर्जन डॉ. अशोक वर्मा ने बताया कि दोनों मरीजों को पेट दर्द की शिकायत पर भर्ती किया गया था। आवश्यक उपचार के पश्चात उनकी स्थिति में सुधार दर्ज किया गया है और उन्हें डिस्चार्ज की प्रक्रिया के तहत लाया गया है। अस्पताल से डिस्चार्ज होने के पश्चात पुलिस द्वारा अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

दो और लोग हिरासत में

मामले की जांच के दौरान पुलिस एवं साइबर सेल द्वारा कार्रवाई का दायरा बढ़ाते हुए दो अन्य व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया है। आरोपी प्रणव अवस्थी को साइबर सेल ने हिरासत में लिया। वहीं प्रखर कश्यप (निजी कंप्यूटर ऑपरेटर) को पलारी पुलिस ने हिरासत में लिया।

पुलिस द्वारा जांच के सिलसिले में कंप्यूटर, लैपटॉप एवं प्रिंटर जैसे डिजिटल उपकरणों को जब्त किया गया है। पुलिस इन उपकरणों के माध्यम से दस्तावेज तैयार किए जाने के डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है।

यह मामला आरएमए करण कुमार देवांगन द्वारा 17 अगस्त को बीएमओ पलारी के समक्ष प्रस्तुत किए गए एक स्थानांतरण आदेश से संबंधित है। दस्तावेज के सत्यापन के दौरान सीएमएचओ कार्यालय बलौदाबाजार से पुष्टि कराई गई, जिसमें उक्त आदेश के फर्जी होने तथा हस्ताक्षर कूटचरित पाए जाने की बात सामने आई।

बीएमओ की शिकायत पर थाना पलारी में भारतीय न्याय संहिता की धारा 3(5), 318(4), 336(3), 337, 338 एवं 340(2) के तहत अपराध पंजीकृत किया गया था। मामले में करण देवांगन, रवि सेन तथा भाजपा के पूर्व जिला पदाधिकारी कृष्णा अवस्थी व पुनीराम पटेल को नामजद किया गया था। प्रकरण पंजीबद्ध होने के पश्चात संबंधित राजनीतिक दल द्वारा दोनों पदाधिकारियों को पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है।


अन्य पोस्ट