बलौदा बाजार
बलौदाबाजार, 24 अगस्त। स्वास्थ्य विभाग में कथित फर्जी स्थानांतरण आदेश और वित्तीय लेन-देन के प्रकरण को लेकर बलौदाबाजार जिला कांग्रेस कमेटी ने बयान जारी कर शासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुमित्रा धृतलहरे ने मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराए जाने की मांग की है। सुमित्रा धृतलहरे ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग के एक कर्मचारी से कथित रूप से राशि लेकर फर्जी स्थानांतरण पत्र जारी किए जाने का मामला गंभीर है।उन्होंने कहा कि यदि शासकीय अधिकारियों के फर्जी हस्ताक्षर से आदेश जारी करने और राशि के लेन-देन के आरोप सत्य पाए जाते हैं, तो यह प्रशासनिक विश्वसनीयता से जुड़ा विषय है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने मांग की कि इस पूरे प्रकरण में फर्जी दस्तावेज तैयार करने, वित्तीय लेन-देन करने तथा इसमें शामिल अन्य संभावित व्यक्तियों की भूमिका की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराई जाए।
उन्होंने कहा कि जांच के उपरांत दोष सिद्ध होने पर संबंधितों के विरुद्ध सख्त आपराधिक कार्रवाई की जानी चाहिए।