बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 22 अगस्त। रायपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक अमरेश मिश्रा ने बलौदाबाजार जिले का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने डीजीपी-आईजी सम्मेलन के तहत गोद लिए गए थाना हथबंद का निरीक्षण किया तथा पुलिस कार्यालय बलौदाबाजार में जिले के राजपत्रित अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली।
निरीक्षण के दौरान पुलिस महानिरीक्षक ने थाना प्रभारी हथबंद को निम्नलिखित विषयों पर आवश्यक कार्रवाई हेतु निर्देशित किया। थाना परिसर की अधोसंरचना, संसाधनों के रख-रखाव एवं स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित करना। शासकीय पंजियों एवं थाना रिकॉर्ड्स का अद्यतन संधारण। थाने में आने वाले नागरिकों व आवेदकों के साथ सहयोगात्मक व्यवहार रखना। थाना निरीक्षण के पश्चात पुलिस अधीक्षक गौरव राय की उपस्थिति में आयोजित समीक्षा बैठक में जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारी शामिल हुए।
बैठक में कई निर्देश जारी किए गए। अंधविश्वास एवं जादू-टोना से संबंधित प्राप्त शिकायतों पर त्वरित वैधानिक कार्रवाई करने तथा जन-जागरूकता कार्यक्रम चलाने के निर्देश दिए गए। सीसीटीएनएस प्रणाली के अंतर्गत डेटा प्रविष्टि को समयबद्ध पूरा करने तथा साइबर जागृति अभियान के तहत औद्योगिक संयंत्रों के कर्मचारियों को जोडक़र प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए। दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु छोटे नगरों व कस्बों में व्यापारी संघों से समन्वय स्थापित कर ट्रैफिक वॉलंटियर्स नियुक्त करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खोमन सिन्हा, एसडीओपी भाटापारा तारेश साहू, उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) राजेश श्रीवास्तव, उप पुलिस अधीक्षक (कैंप कसडोल) कौशल किशोर वासनिक, उप पुलिस अधीक्षक मोनिका मरावी, एसडीओपी बलौदाबाजार उषा सोंधिया सहित पुलिस कार्यालय के शाखा प्रभारी उपस्थित रहे।