बलौदा बाजार

बुजुर्ग की हत्या, नाबालिग हिरासत में
20-Aug-2026 7:20 PM
बुजुर्ग की हत्या, नाबालिग हिरासत में

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 20 अगस्त। बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के मुडियाडीह में बुजुर्ग की हत्या में पुलिस ने 17 वर्षीय नाबालिग आरोपी को हिरासत में लिया है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि बुजुर्ग की हत्या कथित तौर पर लूटपाट की नीयत से की गई थी।

घटना 18 अगस्त की शाम की है। ग्राम मुडियाडीह निवासी केजराम ध्रुव (65 वर्ष), पिता ढेल सिंह ध्रुव, दूध देने के लिए शाम करीब 5 बजे अपने घर से ग्राम खैंदा की ओर निकले थे। इसी दौरान गांव के बाहर मेनरोड पर पुलिया के पास बैठे नाबालिग और उसके साथियों से उनका सामना हुआ।

पुलिस पूछताछ में सामने आई जानकारी के मुताबिक, नाबालिग और उसके साथियों ने बुजुर्ग से रुपये की मांग की। बुजुर्ग द्वारा इनकार कर आगे बढऩे पर नाबालिग कथित तौर पर गुस्से में आ गया और धारदार हथियार से बुजुर्ग पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से केजराम ध्रुव की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया, वहीं एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल और शव की जांच की। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल बलौदाबाजार भेजा गया।

मृतक के पुत्र लकेश्वर ध्रुव की रिपोर्ट पर सिटी कोतवाली पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की थी। जांच के दौरान मिले सुरागों और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने 17 वर्षीय नाबालिग को हिरासत में लिया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। सिटी कोतवाली पुलिस जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर सकती है।


अन्य पोस्ट