बलौदा बाजार

प्राथमिक में धाराप्रवाह हिंदी और पूर्व माध्यमिक शालाओं में फर्राटेदार अंग्रेजी पढऩे पर रहेगा जोर
20-Aug-2026 7:19 PM
प्राथमिक में धाराप्रवाह हिंदी और पूर्व माध्यमिक शालाओं में फर्राटेदार अंग्रेजी पढऩे पर रहेगा जोर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 20 अगस्त। प्रदेश के शासकीय विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों के भाषा और गणितीय कौशल में सुधार के उद्देश्य से स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा नई कार्ययोजना लागू की गई है। इसके अंतर्गत बलौदाबाजार जिले की 573 प्राथमिक और 375 पूर्व माध्यमिक शालाओं में निर्धारित शैक्षणिक लक्ष्य तय किए गए हैं।

लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक स्तर पर  लक्ष्य निर्धारित किए गए हैं। प्राथमिक कक्षाओं के विद्यार्थियों के लिए तीन प्रमुख लक्ष्य तय किए गए हैं। हर बच्चों को हिंदी धारा प्रवाह पढऩा आना चाहिए। इसके साथ 20 तक के पहाड़े मुंह जुबानी याद होने चाहिए। जोड़, घटाव, गुणा और भाषा से जुड़े आसान सवालों को बच्चे स्वयं हल कर सके यह भी सुनिश्चित किया जाएगा।

पूर्व माध्यमिक कक्षाओं के विद्यार्थियों के लिए अंग्रेजी पढऩे की क्षमता विकसित करने पर विशेष जोर दिया जाएगा। विद्यार्थियों को 25 तक के पहाड़े याद करने के साथ गणितीय संक्रियाओं से जुड़े बुनियादी सवालों को आसानी से हल करने योग्य बनाया जाएगा। स्कूलों में इसके लिए नियमित अभ्यास और मूल्यांकन कराया जाएगा।

यह कार्ययोजना विभागीय समीक्षा बैठक के उपरांत तैयार की गई है। योजना के क्रियान्वयन हेतु संयुक्त संचालक एवं जिला शिक्षा अधिकारियों को शालाओं का निरीक्षण करने और विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर का मूल्यांकन करने के निर्देश दिए गए हैं।

जिला शिक्षा अधिकारी के.एस. मरावी के अनुसार, लोक शिक्षण संचालनालय से प्राप्त निर्देशों के तहत जिले के सभी शासकीय विद्यालयों में इस कार्ययोजना पर अमल प्रारंभ कर दिया गया है। नियमित अभ्यास और सतत मूल्यांकन के माध्यम से निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति हेतु समीक्षा की जा रही है।


अन्य पोस्ट