बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 19 अगस्त। सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत राशन कार्ड बनवाने, नाम जोडऩे या हटाने सहित अन्य ऑनलाइन सेवाएं वर्तमान में स्थगित कर दी गई हैं। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण संचालनालय के निर्देशानुसार राज्य के राशन कार्ड डेटाबेस को केंद्र सरकार के स्मार्ट पीडीएस (सार्थक पीडीएस) सिस्टम से एकीकृत करने की प्रक्रिया जारी है।
सेवा सेतु पोर्टल पर आवेदन स्थगित
डेटाबेस एकीकरण की प्रक्रिया के चलते सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से राशन कार्ड संबंधी नए आवेदन स्वीकार नहीं किए जा रहे हैं। इसके परिणामस्वरूप चॉइस सेंटरों और लोक सेवा केंद्रों में नए राशन कार्ड बनवाने या संशोधन कराने से जुड़ी प्रक्रियाएं लगभग एक सप्ताह तक प्रभावित रहेंगी।
डिजिटल व्यवस्था व डेटा माइग्रेशन
अधिकारियों के अनुसार, वर्तमान राशन कार्ड हितग्राहियों का डेटा स्वत: ही केंद्रीय सिस्टम में स्थानांतरित कर दिया जाएगा। इसके लिए नागरिकों को अलग से पंजीयन या नया आवेदन प्रस्तुत करने की आवश्यकता नहीं होगी।
नई व्यवस्था लागू होने के उपरांत स्वीकृत राशन कार्ड डिजिटल रूप से जनरेट किए जाएंगे, जिन्हें मोबाइल या डिजिलॉकर में डाउनलोड कर उपयोग में लाया जा सकेगा।
स्मार्ट पीडीएस के मुख्य बिंदु
केंद्रीय प्रणाली से डेटा जुडऩे के बाद फर्जी और दोहरे राशन कार्डों की पहचान की जा सकेगी।
खाद्यान्न के आवंटन, उठाव और वितरण की प्रक्रिया की रियल-टाइम मॉनिटरिंग की जाएगी।
एकीकृत डेटाबेस से वन नेशन वन राशन कार्ड योजना के तहत प्रवासियों को देश की किसी भी शासकीय राशन दुकान से खाद्यान्न प्राप्त करने में सुविधा होगी।