बलौदा बाजार

खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच अवमानक गुड़ पर 50 हजार जुर्माना
19-Aug-2026 6:39 PM
खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच अवमानक गुड़ पर 50 हजार जुर्माना

बलौदाबाजार, 19 अगस्त। जिले में सात दिवसीय सघन खाद्य सुरक्षा प्रवर्तन एवं जन-जागरूकता अभियान ‘बने खाबो-बने रहिबो 2.0’  चलाया जा रहा है। खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम द्वारा होटल, ढाबों और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों की लगातार जांच की जा रही है।

इसी अभियान के तहत पूर्व में ज्ञानचंद एंड संस, सदर बाजार भाटापारा से गुड़ का नमूना जांच के लिए लिया गया था। जांच में गुड़ अवमानक पाए जाने पर अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी द्वारा संबंधित फर्म पर 50 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया गया है।

मंगलवार को खाद्य सुरक्षा टीम ने लिटल बावर्ची रेस्टोरेंट, गार्डन चौक और अंश होटल, अंबेडकर चौक बलौदाबाजार की जांच की। यहां से पनीर, आटा, मगज, फल्लीदाना और बासमती चावल के नमूने लेकर जांच के लिए खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजे गए हैं। वहीं बरकती बिरयानी, अंबेडकर चौक में जांच के दौरान रंग युक्त करीब 5 किलोग्राम चिकन फ्राई और चिकन चिल्ली पाए जाने पर इन्हें मौके पर ही नष्ट कराया गया और प्रतिष्ठान को नोटिस जारी किया गया।

खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि, जांच में खाद्य पदार्थों के मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम, 2006 के तहत कड़ी वैधानिक एवं दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।


अन्य पोस्ट