बलौदा बाजार

सरकारी स्कूलों के व्यावसायिक प्रशिक्षकों ने मांगों पर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा
19-Aug-2026 4:20 PM
सरकारी स्कूलों के व्यावसायिक प्रशिक्षकों   ने मांगों पर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार,19 अगस्त । बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के 53 सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों को रोजगारपरक एवं कौशल आधारित शिक्षा देने वाले 106 व्यावसायिक प्रशिक्षक सोमवार को अपनी विभिन्न मांगों को लेकर जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। प्रशिक्षकों ने जिला शिक्षा अधिकारी एवं कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर मानदेय बढ़ाने, लंबित भुगतान करने, नौकरी की सुरक्षा देने और सेवा शर्तों में सुधार की मांग की।

छत्तीसगढ़ के सरकारी स्कूलों में वर्ष 2014 से संचालित व्यावसायिक शिक्षा व्यवस्था के तहत विद्यार्थियों को ब्यूटी एंड वेलनेस, आईटी, ऑटोमोबाइल, एग्रीकल्चर, हेल्थ केयर, रिटेल, टूरिज्म एंड हॉस्पिटैलिटी, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड हार्डवेयर सहित विभिन्न ट्रेडों में प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षकों का कहना है कि, राष्ट्रीय  शिक्षा नीति 2020 में भी कौशल एवं रोजगारपरक शिक्षा पर विशेष जोर दिया गया है, लेकिन इस व्यवस्था को जमीन पर लागू करने वाले प्रशिक्षक स्वयं लंबे समय से अस्थिर सेवा व्यवस्था और भुगतान संबंधी समस्याओं से जूझ रहे हैं।

प्रशिक्षकों ने हरियाणा और दिल्ली की तर्ज पर 38,100 प्रतिमाह मानदेय निर्धारित करने तथा हर वर्ष नियमित वेतन वृद्धि लागू करने की मांग की है। उनका कहना है कि वर्षों से जिम्मेदारी निभाने के बावजूद मानदेय उनकी जिम्मेदारियों और कार्य के अनुरूप नहीं है। प्रशिक्षकों ने निजी कंपनियों के माध्यम से संचालित व्यवस्था समाप्त कर उन्हें विभागीय व्यवस्था में शामिल करने और सेवा सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है। साथ ही नई निविदा में पहले से कार्यरत प्रशिक्षकों को प्राथमिकता देने की मांग की गई है, ताकि वर्षों से कार्यरत प्रशिक्षकों को अचानक नौकरी से हाथ न धोना पड़े।

अनुभवी प्रशिक्षकों के लिए भी उठाई आवाज

ज्ञापन में पीएबी 2025-26 के अनुसार स्वीकृत 1,000 मासिक मानदेय वृद्धि की लंबित राशि के एवज में 12,000 एरियर्स भुगतान की मांग भी रखी गई है। इसके अलावा करीब 1,029 प्रशिक्षकों के लंबित मानदेय और जून माह के भुगतान का तत्काल निराकरण करने की मांग की गई है। हेल्थ केयर ट्रेड में कार्यरत 121 अनुभवी व्यावसायिक प्रशिक्षकों का मानदेय 23,000 प्रतिमाह निर्धारित करने की मांग की गई है। वहीं लक्ष्य कंपनी द्वारा हटाए गए चार प्रशिक्षकों को पुन: सेवा में लेने की मांग भी ज्ञापन में शामिल है।

छुट्टी और काम की स्पष्ट व्यवस्था की मांग

 

प्रशिक्षकों ने प्रत्येक वर्ष 20 दिन आकस्मिक अवकाश, चिकित्सा अवकाश तथा महिला प्रशिक्षकों को मातृत्व अवकाश देने की मांग की है। साथ ही हर माह निर्धारित समय पर मानदेय भुगतान सुनिश्चित करने और अनावश्यक देरी समाप्त करने की मांग की गई। प्रशिक्षकों ने यह भी स्पष्ट किया कि, उनसे उनके निर्धारित दायित्वों के अलावा गैर-व्यावसायिक कार्य नहीं कराए जाने चाहिए। अन्य राज्यों की तर्ज पर छत्तीसगढ़ में भी व्यावसायिक प्रशिक्षकों को ग्रीष्मकालीन अवकाश देने की मांग की गई है।


अन्य पोस्ट