बलौदा बाजार
बलौदाबाजार, 19 अगस्त। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रोहांसी में पदस्थ ग्रामीण चिकित्सा अधिकारी करण देवांगन के नाम से जारी एक संदिग्ध स्थानांतरण आदेश के मामले में पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है। विभागीय जांच में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ( सीएमएचओ) के हस्ताक्षर फर्जी पाए जाने के बाद यह कार्रवाई की गई है। जानकारी के अनुसार, ग्रामीण चिकित्सा अधिकारी करण देवांगन 17 अगस्त को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रोहांसी से भाटापारा ब्लॉक के मोपर स्थित स्वास्थ्य केंद्र स्थानांतरण संबंधी एक आदेश पत्र लेकर संबंधित ब्लॉक चिकित्सा अधिकारी डॉ. पंकज वर्मा के समक्ष पहुंचे।
आदेश पत्र की प्रामाणिकता पर संदेह होने पर बीएमओ द्वारा जिला मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय से सत्यापन कराया गया। जांच में पाया गया कि आदेश पत्र पर अंकित सीएमएचओ के हस्ताक्षर उनके द्वारा नहीं किए गए थे और विभाग द्वारा ऐसा कोई स्थानांतरण आदेश जारी नहीं किया गया था।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के निर्देश पर ब्लॉक चिकित्सा अधिकारी द्वारा थाना पलारी में मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस शिकायत के आधार पर फर्जी दस्तावेज तैयार करने वाले और इसमें शामिल तत्वों की जांच कर रही है।