बलौदा बाजार

बुजुर्ग से रुपये झपटने वाला गिरफ्तार
18-Aug-2026 5:44 PM
बुजुर्ग से रुपये झपटने वाला गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 18 अगस्त। सब्जी बाजार में एक बुजुर्ग से 20 हजार रुपये से भरा थैला झपटने के मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से 2,200 रुपये नकद बरामद किए हैं।

पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, 23 जून को रसेड़ी निवासी धरम ध्रुव (60 वर्ष) बैंक से 21 हजार रुपये निकालकर सब्जी बाजार पहुंचे थे। उन्होंने 20 हजार रुपये बैंक पासबुक के साथ अपने थैले में रखे थे। दोपहर लगभग 12.15 बजे सब्जी खरीदने के दौरान एक व्यक्ति उनका थैला लेकर चला गया।

प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना सिटी कोतवाली में भारतीय न्याय संहिता की धारा 304(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ की गई।

घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज के विश्लेषण से संदिग्ध व्यक्ति की पहचान की गई। 17 अगस्त को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने भाटापारा से सुखऊ सांवरा भाटापारा को हिरासत में लिया।

पूछताछ में आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने 2,200 रुपये नकद जब्त किए। 17 अगस्त को पुलिस ने आरोपी सुखऊ सांवरा को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।


अन्य पोस्ट