बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रामानुजगंज, 17 अगस्त। ग्राम पंचायत बगरा निवासी 48 वर्षीय राजकुमार मुरूम के साथ रायपुर के एक बड़े अस्पताल में इलाज के दौरान कथित तौर पर ऐसी घटना सामने आई, जिसने परिजनों को हैरान कर दिया। ब्रेन ट्यूमर से पीडि़त राजकुमार को गंभीर हालत में उपचार के लिए रायपुर ले जाया गया था। अस्पताल में दो दिन भर्ती रहने के बाद चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन अंतिम संस्कार की तैयारी में जुट गए और उन्हें कफन भी ओढ़ा दिया गया।
इसी दौरान राजकुमार के छोटे बेटे प्रकाश मुरूम को अपने पिता की मौत पर विश्वास नहीं हुआ। उसने कहा कि मेरे पिता नहीं मर सकते। इसके बाद प्रकाश आईसीयू कक्ष में पहुंचा और पिता को ध्यान से देखने लगा। प्रकाश के मुताबिक, उस दौरान उसे अपने पिता की सांस चलती हुई महसूस हुई।
प्रकाश ने तत्काल इसकी जानकारी अस्पताल के चिकित्सकों को दी। सूचना मिलने के बाद डॉक्टर मौके पर पहुंचे और राजकुमार की दोबारा जांच की। इसके बाद उनका उपचार शुरू किया गया। परिजनों का दावा है कि उपचार के बाद राजकुमार की हालत में धीरे-धीरे सुधार होने लगा और उनकी स्थिति लगातार बेहतर होती गई।
परिजनों के अनुसार अब राजकुमार मुरूम स्वस्थ हैं और अपने दैनिक कार्य स्वयं कर रहे हैं। उनकी हालत सामान्य होने के बाद परिवार में खुशी का माहौल है। जिस व्यक्ति को परिजन मृत समझकर अंतिम संस्कार की तैयारी कर चुके थे, उसके स्वस्थ होने की खबर से क्षेत्र के लोग भी हैरान हैं।
हालांकि, अस्पताल में राजकुमार को मृत घोषित किए जाने और बाद में उनके जीवित पाए जाने की परिस्थितियों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। घटना को लेकर परिजनों द्वारा बताई गई जानकारी ही सामने आई है। मामले की वास्तविक चिकित्सकीय स्थिति की पुष्टि संबंधित अस्पताल के रिकॉर्ड और चिकित्सकों की रिपोर्ट से ही हो सकेगी।