बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 17 अगस्त। सोमवार को बलौदाबाजार-लवन मार्ग स्थित दुर्गा कैरियर के पास दो कारों के बीच टक्कर हो गई। इस घटना में दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हुए हैं। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
एक कार डिवाइडर कटिंग से मार्ग परिवर्तित कर रही थी, उसी दौरान लवन की ओर से आ रही दूसरी कार से उसकी टक्कर हो गई।
ज्ञात हो कि इससे पहले भी शहर के विभिन्न डिवाइडर कटिंग्स के पास दुर्घटनाएं हुई हैं। रायपुर रोड (भारत पेट्रोल पंप के पास) ऑटो अनियंत्रित होकर पलटने से चालक घायल हुआ था। कोतवाली थाना क्षेत्र में डिवाइडर कटिंग के पास स्कूल बस और कार की टक्कर हुई थी। गार्डन चौक में डिवाइडर पार करते समय दो कारों के बीच भिड़ंत हुई थी।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि भाटापारा रोड, रायपुर रोड और लवन रोड पर स्थित कई डिवाइडर कटिंग्स पर अचानक वाहन सामने आने से दुर्घटना की स्थिति बनती है। नागरिकों ने मांग की है कि प्रमुख मार्गों की डिवाइडर कटिंग्स का यातायात सुरक्षा ऑडिट कराया जाए, दुर्घटना संभावित कटों को बंद या संशोधित किया जाए और आवश्यक यातायात संकेतक लगाए जाएं।