बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 13 अगस्त। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के एक ब्यूटी पार्लर में प्रशिक्षण हेतु जा रही युवती से छेड़छाड़ के मामले में पुलिस द्वारा आरोपी अय्यूब खान की गिरफ्तारी के पश्चात सर्व हिंदू समाज ने जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा है। संगठन ने जिले में संचालित महिला ब्यूटी पार्लर और जिम की सुरक्षा व्यवस्था तथा कर्मियों के पुलिस सत्यापन की मांग की है।
दर्ज मामले के अनुसार, सिटी कोतवाली क्षेत्र के एक महिला ब्यूटी पार्लर में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही 19 वर्षीय युवती की शिकायत पर पुलिस ने 42 वर्षीय आरोपी अय्यूब खान (निवासी नेहरू चौक) को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया है। मामले में विधिक कार्रवाई जारी है। सर्व हिंदू समाज ने जिला कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर कई बिंदु उठाए हैं- महिला ब्यूटी पार्लर और जिम में कार्यरत पुरुष एवं महिला कर्मचारियों का अनिवार्य पुलिस वेरिफिकेशन (सत्यापन) कराया जाए तथा संस्थानों में पुरुषों के प्रवेश से संबंधित स्पष्ट नियम निर्धारित किए जाएं। संस्थानों में कार्यरत कर्मचारियों की जानकारी, उनकी भूमिका तथा उपस्थिति संबंधी विवरण संस्थान के भीतर एवं बाहर स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने की व्यवस्था लागू की जाए। महिला सुरक्षा मानकों के पालन हेतु समय-समय पर प्रशासनिक निरीक्षण किया जाए और आने-जाने वाले व्यक्तियों का उचित रिकॉर्ड संधारित किया जाए। ज्ञापन की प्रतियां पुलिस अधीक्षक, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), संबंधित थाना प्रभारी और नगर पालिका अधिकारी को भी प्रस्तुत की गई हैं।
ज्ञापन सौंपने के दौरान सर्व हिंदू समाज के प्रतिनिधि—अभिषेक मिकी तिवारी, रोमी साहू, शंकर दुलानी, रवि यादव, रजनीश साहू, दिनेश यादव और दिनेश धीवर सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।