बलौदा बाजार

बारिश ने अब तक 70 फीसदी कोटा पूरा किया लेकिन सावन में 26 फीसदी कम बारिश
13-Aug-2026 8:13 PM
बारिश ने अब तक 70 फीसदी कोटा पूरा किया लेकिन सावन  में 26 फीसदी कम बारिश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 13 अगस्त। बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में 1 जून से 10 अगस्त तक 764.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है, जो पूरे मानसूनी सीजन (1 जून से 30 सितंबर) की औसतन 1089.92 मिमी बारिश का लगभग 70 प्रतिशत है। सीजन के शेष दिनों में सामान्य आंकड़े तक पहुंचने के लिए लगभग 325.12 मिमी बारिश की आवश्यकता है।

1 जून से 10 अगस्त की अवधि में जिले की सामान्य वर्षा का आंकड़ा 595.3 मिमी माना जाता है, जिसकी तुलना में अब तक 764.8 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जो सामान्य से 169.5 मिमी अधिक है।

जून माह में जिले में 44.2 मिमी बारिश दर्ज हुई थी, जो जून की सामान्य वर्षा (181.6 मिमी) से कम थी। इसके बाद जुलाई माह में 580.4 मिमी बारिश दर्ज की गई। 30 जुलाई से शुरू हुए सावन के पहले 10 दिनों में 77.2 मिमी बारिश दर्ज हुई, जबकि इस अवधि की सामान्य वर्षा 105 मिमी मानी जाती है।

टुंड्रा में सर्वाधिक बारिश सोनाखान में सबसे कम

टुंड्रा तहसील में सबसे अधिक 1045 मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं  सोनाखान तहसील में सबसे कम 693.5 मिमी बारिश दर्ज (इस अवधि की सामान्य वर्षा 648.3 मिमी है)।

मौसम वैज्ञानिक डॉ. एम.पी. थॉमस के अनुसार, बंगाल की खाड़ी और उत्तरी ओडिशा के ऊपर बने चक्रवातीय परिसंचरण के प्रभाव से निम्न दाब का क्षेत्र निर्मित हुआ है। इसके असर से क्षेत्र में मानसूनी गतिविधियां बढऩे की संभावना है।


अन्य पोस्ट