बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 11 अगस्त। बलौदाबाजार शहर में मुख्य मार्गों और फुटपाथों पर अतिक्रमण के कारण नागरिकों को पैदल आवाजाही में असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। सुप्रीम कोर्ट द्वारा हाल ही में पैदल चलने के अधिकार को नागरिकों का मौलिक अधिकार बताए जाने के परिपेक्ष्य में स्थानीय प्रशासन हरकत में आया है।
बलौदाबाजार के जिला बनने के बाद से शहर के विस्तार के साथ-साथ व्यावसायिक गतिविधियों के चलते फुटपाथों पर दुकानों का सामान रखने और अस्थायी/स्थायी निर्माण की शिकायतें सामने आ रही हैं।
पुराना बस स्टैंड, सदर रोड, मंडी रोड, पुराना नगर पालिका रोड, नया बस स्टैंड, गार्डन चौक और अंबेडकर चौक सहित शहर के विभिन्न हिस्सों में सडक़ किनारे अतिक्रमण की स्थिति है। इसके अतिरिक्त मंडी रोड और पुराना नगर पालिका रोड के समीप स्थित कुछ गलियों में भी आवागमन प्रभावित हुआ है।
सब्जी विक्रेताओं को व्यवस्थित करने हेतु चबूतरों का निर्माण कराया गया था। शुरुआती व्यवस्था के बाद कुछ समय पश्चात पुन: सडक़ किनारे दुकानें लगने से यातायात बाधित होने की समस्या सामने आ रही है।
नगर पालिका और राजस्व विभाग द्वारा समय-समय पर अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाए जाते रहे हैं, किंतु अभियान समाप्त होने के कुछ दिनों बाद स्थिति पुन: पूर्ववत हो जाती है। स्थानीय नागरिकों का मानना है कि अतिक्रमण पर रोक लगाने के लिए सतत निगरानी और नियमानुसार स्थायी कार्रवाई आवश्यक है।
मामले में एसडीएम प्रकाश चंद्र कोरी ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों के परिपालन में अवैध एवं स्थायी कब्जों की शिकायतों को नगरीय प्रशासन के संज्ञान में लाया गया है और संबंधित निकायों को नियमानुसार कार्रवाई करने हेतु निर्देशित किया गया है।