बलौदा बाजार

दुकान का शटर तोड़ चोरी, नगदी लेकर नकाबपोश फरार
11-Aug-2026 7:29 PM
दुकान का शटर तोड़ चोरी, नगदी लेकर नकाबपोश फरार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 11 अगस्त। शहर के दशहरा मैदान रोड स्थित एवन डेली नीड्स दुकान में सोमवार रात अज्ञात नकाबपोशों ने शटर तोडक़र चोरी की। चोर दुकान के गल्ले में रखे पैसे लेकर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

दुकानदार अभिषेक केसरवानी के अनुसार, जब वे मंगलवार सुबह दुकान पहुंचे तो शटर का ताला टूटा हुआ मिला। जांच करने पर दुकान के गल्ले में रखे लगभग 10,000 रुपये गायब पाए गए।

दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज में दो अज्ञात नकाबपोश व्यक्ति नजर आ रहे हैं। फुटेज के अनुसार, एक आरोपी बाहर निगरानी कर रहा था, जबकि दूसरा आरोपी दुकान के भीतर घुसा। अंदर दाखिल होने के बाद आरोपी ने सीसीटीवी कैमरे के तारों से छेड़छाड़ का प्रयास भी किया।

घटना की सूचना कोतवाली पुलिस थाना में दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का मुआयना किया और सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा अज्ञात आरोपियों की तलाश की जा रही है।


अन्य पोस्ट