बलौदा बाजार

स्कूल में विधिक जागरूकता शिविर
10-Aug-2026 3:19 PM
 स्कूल में विधिक जागरूकता शिविर

कानून और साइबर सुरक्षा की दी जानकारी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 10 अगस्त। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बलौदाबाजार विनीता वार्नर के मार्गदर्शन में शासकीय पं. चक्रपाणि शुक्ल बहुउद्देशीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में कक्षा 6वीं से 8वीं तक के लगभग 200 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।

शिविर में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित व्यवहार न्यायाधीश पूजा चंद्रा एवं व्यवहार न्यायाधीश श्वेता दिवान द्वारा विद्यार्थियों को कानून और उनके अधिकारों के प्रति जानकारी दी गई।

 न्यायाधीशों ने विद्यार्थियों को ‘गुड टच और बैड टच’ के संबंध में जानकारी देते हुए पॉक्सो एक्ट और जुवेनाइल जस्टिस एक्ट के प्रमुख प्रावधानों से अवगत कराया।

 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत यातायात नियमों के पालन की जानकारी दी गई। इसके साथ ही साइबर फ्रॉड से बचाव, इंटरनेट बैंकिंग और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के संबंध में निर्देश दिए गए।

विद्यार्थियों को न्यायिक सेवा क्षेत्र में करियर बनाने की योग्यता और परीक्षा तैयारी के संबंध में मार्गदर्शन प्रदान किया गया।

कार्यक्रम के अंत में स्कूल प्रबंधन एवं शिक्षकों ने आयोजन के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बलौदाबाजार के प्रति आभार व्यक्त किया।


अन्य पोस्ट